– अटेर क्षेत्र के ग्राम चौकी में श्रीमद् भागवत कथा में हो रहे प्रवचन
भिण्ड, 08 फरवरी। जिले के अटेर विधानसभा के ग्राम चौकी धरई में चल रही श्रीमद् भागवत कथा में कथा व्यास महामण्डलेश्वर रामभूषण दास महाराज खनेता धाम ने भक्ति की रसधारा प्रवाहित कर दी।
कथा व्यास ने सबसे पहले सूत सनकादि के संवाद तथा कपिलोपाख्यान सती चरित्र पर पर प्रकाश डाला। उन्होंने ध्रुव की लीला का वर्णन करते हुए कहा कि ध्रुव जी का चरित्र लोगों को ईश्वर के लिए समर्पित होने का उदाहरण है। ध्रुव का चरित्र भगवान के प्रति प्रेम एवं भक्ति का समर्पण भाव की पराकाष्ठा से ऊपर है। उन्होंने कहा कि ईश्वर को सब कुछ मानकर ईश्वर के हो जाना ही भक्ति की सबसे बड़ी बात है। भगवान ने ध्रुव जी के लिए अपने सब नियम कायदे तोड़कर उनकी रक्षा का भार संभाला और उन्होंने ध्रुव को अपने भक्तों में सिरमौर के रूप में स्थापित कर दिया।
उन्होंने कहा कि ईश्वर में सब कुछ मानकर खुद को सौप देना ही सबसे बड़ी भक्ति है। भगवान भक्तों के लिए सब कुछ करने को तैयार रहते हंै एवं भक्तों पर जब भी संकट आए और भगवान के प्रति समर्पित हो जाए वह उस संकट में आपकी हर प्रकार से रक्षा करेंगे। कथा के मध्य चित्रकूट धाम से पधारे पटेल महाराज एवं जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया पहुंची, उन्होंने महाराज आशीर्वाद लिया। श्रीमद् भागवत कथा 13 फरवरी तक दोपहर एक बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। भंडारे का आयोजन 14 फरवरी को किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से कथा श्रवण कर धर्मलाभ लेने का आह्वान किया है।


