भिण्ड, 04 फरवरी। मौ बेहट रोड स्थित टोल टैक्स बैरियल के पास सड़क किनारे खंती में पड़ी एक अज्ञात महिला की सिर कटी लाश की गुत्थी सुलझाने के प्रयास में मौ थाना प्रभारी रघुवीर सिंह मीणा अपने अमले के साथ पिछले दो तीन दिनों से जुटे हुए हैं। उन्हें भरोसा है कि वे जल्द ही इस अज्ञात हत्या कांड के रहस्य को खंगालने में सफल होंगे।
जानकारी के अनुसार गत मंगलवार को एक महिला की सिर कटी लाश मिलने की खबर से क्षेत्र में सनसनी $फैल गई थी। मृतिका का सिर धड़ से अलग था और घटना स्थल पर कोई भी मौजूद नहीं था और न ही कोई साक्ष्य उपलब्ध था। मृतिका के शव पर साड़ी थी और पैरों में चांदी की पायल पहनी हुई थी। गांव के चौकीदार की सूचना पर थाना प्रभारी रघुवीर सिंह मीणा ने अपने अमले के साथ पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर उसका अंत: परिक्षण करवाया और जॉच प्रक्रिया शुरू की है।
हत्या के बाद फेंका गया शव
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला की पहले किसी धारदार हथियार से सिर काटकर हत्या की गई है, इसके बाद शव को रात के अंधेरे में किसी वाहन से लाकर सड़क किनारे खंती में फैंक दिया गया। मृतिका की उम्र करीब 30 से 35 साल है। शव तीन से चार दिन पुराना लग रहा है। पुलिस का मानना है कि हत्या कहीं और की गई है और शव को यहां ठिकाने लगाने के उद्देश्य से लाया गया है। शव की पहचान के लिए पुलिस ने आस-पास के गांवों में पूछताछ की है, वहीं टोल प्लाजा पर भी जानकारी जुटाई जा रही है। अभी तक महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने नजदीकी थाना क्षेत्रों से भी संपर्क किया है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। इस अंधे कत्ल का जल्द ही खुलासा करने की बात पुलिस द्वारा कही गई है।
इनका कहना है:
”महिला की सिर कटी लाश मिली है, शव की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। महिला बाहर की प्रतीत हो रही है, जिसकी हत्या कर शव यहां फेंका गया है।”
रघुवीर सिंह मीणा, टीआई थाना मौ


