भिण्ड, 04 फरवरी। जिले में बुधवार की सुबह तापमान में गिरावट दर्ज की गई और घने कोहरे के साथ जनजीवन प्रभावित हुआ तथा दृश्यता काफी कम हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, ठंड और कोहरे का असर दिनभर बना रह सकता है। बीते रोज जिले में बादल छाए रहे थे। हल्की बारिश हुई और बीच-बीच में धूप भी खिली, लेकिन रात होते-होते मौसम ने फिर करवट ली और सुबह घना कोहरा छा गया। बुधवार सुबह आसमान पर चारों ओर घने कोहरे की चादर तनी नजर आई। सुबह होते ही सड़कों, खेतों और खुले इलाकों में कोहरे का असर साफ दिखाई दिया। मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिला। बीते रोज न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि बुधवार सुबह तापमान गिरकर करीब 8.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार दोपहर का अधिकतम तापमान करीब 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बावजूद ठंड का असर दिनभर बना रहा। जिले में आज आद्रता का स्तर 89 प्रतिशत दर्ज किया गया। हवाएं 5 से 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं, जिससे ठंड और अधिक महसूस की जा रही है। वहीं घने कोहरे के कारण दृश्यता पर भी असर पड़ा। सुबह करीब 8 बजे विजिबिलिटी घटकर मात्र 20 मीटर रह गई थी, जो कुछ समय बाद बढ़कर लगभग 50 मीटर तक पहुंची। कोहरे की बूंदें हल्की फुहार के रूप में गिरती नजर आईं। सड़कों पर चलने वाले वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने और अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी। ठंड बढ़ने के चलते लोग अलाव जलाकर और गर्म कपड़े पहनकर ठंड से बचाव कर रहे हैं। सुबह और देर शाम सड़कों पर अलाव तापते लोग नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि आने वाले दिनों में कड़ाके की सर्दी और ज्यादा परेशान कर सकती है, ऐसे में सतर्कता बरतना जरूरी है।
मौसम के इस बदले मिजाज से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। जिन फसलों में दाना पड़ चुका है और हाल की बारिश के कारण फसल लेट हो गई है, उनमें दाना पतला होने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि चंबल संभाग में हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि का असर अब फसलों पर दिखाई देने लगा है।
Tuesday, June 23
BREAKING
- राष्ट्रपति मुर्मु को ग्वालियर विमानतल पर दी भावभीनी विदाई
- राष्ट्रपति मुर्मु ने चीता मित्रों से किया संवाद और चीता संरक्षण की ली जानकारी
- भारतीय युवा शक्ति संगठन ने भरत भूषण तिवार को दी श्रद्धांजलि
- हेल्पलाइन शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण करें निराकरण : कलेक्टर
- इंडियन वेटर्न ऑर्गनाइजेशन सैनिक संगठन ब्लड कैंसर पीड़ित बेटे को देगा रक्त
- किशोरी स्पोर्ट्स क्लब एवं विद्यालय के समर कैम्प का समापन, जिला न्यायाधीश गुप्ता ने सिखाए अनुशासन के गुर
- राष्ट्रीय क्षत्रिय भदावर संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित
- फूड सेफ्टी टीम ने खाद्य पदार्थों के लिए नमूने


