– बायपास पर बुलडोजर चलाकर हटाया अतिक्रमण
भिण्ड, 03 फरवरी.मनीष दुबे। जिला प्रशासन और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने सोमवार की शाम को शहर में बायपास रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमणों पर बुलडोजर चलाया गया। कार्रवाई का उद्देश्य बायपास हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना रहा।
अभियान के दौरान एमजेएस कॉलेज के पास प्रशासन को एक चौंकाने वाली स्थिति मिली। यहां ग्रीन पर्दा लगाकर टेबल-कुर्सी सजा दी गई थीं और चारपाई व शराब पीने का अड्डा बना रखा गया था। इसे अस्थाई होटल का रूप दिया गया था। प्रशासनिक टीम ने तत्काल इस अवैध ढांचे को हटाने की कार्रवाई की और मौके से सामान जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान एक युवक मौके पर पहुंचा और अतिक्रमण हटाने का विरोध करते हुए अधिकारियों से बहस करने लगा। मौके पर मौजूद एसडीएम अखिलेश शर्मा ने युवक को कड़ी फटकार लगाई और पुलिस कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन की सख्ती के बाद युवक ने माफी मांगी और मौके से चला गया। प्रशासन की कार्रवाई में करीब आधा दर्जन अस्थाई टपरे, शेड और ढांचे हटाए गए। अधिकारियों ने बताया कि बायपास हाईवे के दोनों ओर लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण से यातायात बाधित हो रहा था और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बायपास सहित शहर के अन्य हिस्सों में भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


