-मारपीट के दौरान हवाई फायरिंग से दहशत
भिण्ड, 01 फरवरी। मेहगांव कस्बे में चारा काटने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में शनिवार सुबह दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और फरसे चले। इस दौरान हवाई फायरिंग भी की गई। घटना में चाचा-भतीजा घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। रविवार को इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार फरियादी रामदत्त सिंह गुर्जर उम्र 31 साल निवासी वार्ड क्र.10 मेहगांव ने पुलिस को बताया कि 31 जनवरी की सुबह करीब 9 बजे घर के सामने कुछ लोग चारा (कुटी) काट रहे थे। इसकी धूल उनके घर में आ रही थी। जब उन्होंने मना किया, तो उदयराम, रामवीर, भोला और गिरिजा गुर्जर ने लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान नितिन गुर्जर, जितेन्द्र गुर्जर और एक अन्य युवक वहां आ गए। नितिन ने फरसे से रामदत्त के हाथ पर और बीच-बचाव करने आए उनके चाचा राधेश्याम गुर्जर के सिर पर हमला किया, जिससे वे गंभीर घायल हो गए। आरोप है कि जितेन्द्र गुर्जर हाथ में बंदूक लेकर आया और हवाई फायरिंग कर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया। वहीं दूसरे पक्ष ने भी मारपीट और फायरिंग के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है।


