भिण्ड, 30 जनवरी। मेहगांव क्षेत्र के ग्राम कुपावली में शहीद पवन भदौरिया की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर के असिस्टेंट कमाण्डेंट कुलदीप कुमार ने कहा कि शहीद का परिवार सीआरपीएफ का परिवार है। हमारी जिम्मेदारी शहीद के परिवार के सुख-दुख का ख्याल रखना है। समाजसेवी और सैनिक संगठन इंडियन वेटर्न ऑर्गनाइजेशन जिला संयोजक सुनील फौजी ने कहा कि जिम्मेदारों ने अपना वादा नहीं निभाया, शहीद के गांव में अभी तक गेट नहीं बना, शहीद के नाम पर स्कूल का नामकरण नहीं हुआ। जिले के शहीदों को उचित सम्मान नहीं मिलता है। चितावली के शहीद शैलेन्द्र भदौरिया को भी राज्य सरकार ने सम्मान राशि नहीं दी।
अर्द्ध सैनिक कल्याण संघ के जिलाध्यक्ष बीएसएफ के पूर्व असिस्टेंट कमांडेंट गंगासिंह राजावत ने कहा कि जिले में शहीदों के सम्मान में गिरावट आ रही है। शहीद की पुण्यतिथि में प्रशासन की तरफ से कोई शामिल नहीं हुआ। इंडियन वेटर्न आर्गेनाइजेशन के संभागीय अध्यक्ष सुरेश सिंह तोमर ने कहा कि जिले के शहीदों के अंतिम संस्कार में जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान नहीं शामिल होते हैं। शहीदों के लिए लड़ना हमारा सैनिक धर्म है।
इस अवसर पर रविन्द्र शर्मा, राजवीर तोमर, इंडियन वेटर्न आर्गेनाइजेशन के जिलाध्यक्ष शिव बहादुर भदौरिया सहित ग्राम पंचायत सरपंच साहब सिंह चौहान, समाजसेवी धर्मेन्द्र सिंह, इंडियन वेटर्न ऑर्गनाइजेशन ब्लॉक अध्यक्ष लहार सूबेदार बसंत सिंह राजावत, पूर्व सैनिक कैलाश सिंह सांकरी, सूबेदार मेजर जेडी खान, सूबेदार सिंह परमार, इंस्पेक्टर रविन्द्र शर्मा, पीएस दोहरे, इंस्पेक्टर देशभान सिंह भदौरिया, वीरसिंह, महेश भदौरिया, रामबरन सहित सैकड़ों ग्रामीण जन शामिल रहे।


