– महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शहर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि
भिण्ड, 30 जनवरी। जिला शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम शहर की गोल मार्केट स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर संपन्न हुआ, जहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्पमाला अर्पित कर बापू को नमन किया और उनके विचारों को याद किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने महात्मा गांधी के चित्र और प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके सत्य, अहिंसा और मानवता के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष धर्मेन्द्र भदौरिया पिंकी ने कहा कि आज देश ऐसे दौर से गुजर रहा है, जहां गांधी के विचारों की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज में स्वार्थ की भावना बढ़ती जा रही है और राष्ट्रप्रेम के मूल्यों से लोग दूर होते जा रहे हैं। अहिंसा की जगह हिंसावादी प्रवृत्तियां पनप रही हैं, जो समाज और देश के लिए घातक हैं।
उन्होंने कहा कि देश में भेदभाव और विखण्डन की प्रवृत्ति लगातार बढ़ रही है। ऐसे समय में राष्ट्रीय एकता, अखण्डता और संप्रभुता को मजबूत करने के लिए महात्मा गांधी के विचार ही सबसे सशक्त मार्गदर्शक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज गोडसे की विचारधारा को बढ़ावा देने की कोशिशें हो रही हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी आज भी गांधीजी के सिद्धांतों पर मजबूती से चल रही है। उन्होंने कहा कि हर कांग्रेसी महात्मा गांधी के बताए मार्ग पर चलने का प्रयास करता है और सत्य व अहिंसा को अपनी राजनीति और जीवन का आधार मानता है।
कार्यक्रम में डॉ. राधेश्याम शर्मा, संतोष त्रिपाठी, मनोज दैयपुरिया सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसजन और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने गांधीजी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।


