– सीआरपीएफ सेंटर कमाण्डेंट डीआईजी राजकुमार निगम होंगे शामिल
भिण्ड, 29 जनवरी। छत्तीसगढ़ में नक्सलवादियों से लोहा लेते हुए 30 जनवरी 2024 को शहीद हुए सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के कमाण्डो पवन भदौरिया की द्वितीय पुण्यतिथि उनके गृह गांव कुपावली मेहंगाव में शुक्रवार को श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
प्रेस को जारी विज्ञप्ति में इंडियन वेटर्न ऑर्गनाइजेशन सैनिक संगठन के जिला संयोजक सुनील फौजी ने बताया कि 30 जनवरी को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीआरपीएफ के सेंटर कमाण्डेंट डीआईजी राजकुमार निगम होंगे तथा मेहंगाव एसडीएम नवनीत शर्मा, अर्द्धसैनिक बल कल्याण संघ अध्यक्ष बीएसएफ के पूर्व एडिस्डेंट कमाण्डेंट गंगासिंह राजावत, इंडियन वेटर्न ऑर्गनाइजेशन के संभागीय अध्यक्ष एसएस तोमर मुख्य रूप से शामिल रहेंगे। आसपास के सभी भूतपूर्व सैनिक साथियों से अपील है कि सुबह 10 बजे ग्राम कुपावली पहुंचकर अमर शहीद पवन भदौरिया की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित करें। इस अवसर पर सीआरपीएफ द्वारा शहीद के माता पिता और पत्नी को सम्मानित भी किया जाएगा।

