– लीकेज लाइनों के चलते सप्लाई हो रहा गंदा पानी
भिण्ड, 24 जनवरी। शहर में आरओ वाटर की सप्लाई का टेंडर लिए बैठी टाटा कंपनी ने यह व्यवस्था भगवान भरोसे छोड़ दी है। यही वजह है कि जगह जगह पाइप लाइनों में लीकेज हैं, तो कहीं फूटी पड़ी लाइनें दुरुस्त नहीं की जा सकी हैं। कई इलाकों में लीकेज के चलते सीवर का पानी आ रहा है। पहले पुरानी पाइप लाइनों के लीकेज के चलते सीवर का पानी सप्लाई होता था, तो अधिकारी लाइनों के पुराने होने का हवाला देकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेते थे, लेकिन अब जब आरओ वाटर की नई लाइनें बिछाई गई हैं, तब भी यही स्थिति दिखाई दे रही हैं। कुछ ऐसी ही तस्वीर शहर के किला क्षेत्र में देखने को मिलीं। यहां आरओ वाटर की लाइन में लीकेज की समस्या है और टाटा कंपनी के अधिकारी इसे दुरुस्त नहीं करा पा रहे हैं। इसके चलते न सिर्फ हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है, बल्कि लीकेज के कारण गंदा पानी भी सप्लाई हो रहा है। कई जगह तो खोदे गए गड्ढे तक खुले पड़े हैं, लेकिन कंपनी इन्हें भरने तक में गंभीरता नहीं बरत रहे हैं।


