घर बैठे हुआ मोहर सिंह की समस्या का निदान
भिण्ड, 22 जनवरी। यह कहानी है भिण्ड जिले की जनपद पंचायत गोहद के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिरसौदा के निवासी मोहर सिंह की, जिनके पिता आशाराम का स्वर्गवास 19 दिसंबर 2025 को हुआ, जिसके बाद मोहर सिंह को अपने पिता का मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवाना था। लेकिन मोहर सिंह ने समय अवधि 21 दिन के भीतर ग्राम पंचायत में आवेदन नहीं दिया था, जिसके कारण इनके पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र बनने में इनको काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा था।
मोहर सिंह ने अपनी समस्या को गांव के लोगों को बताया जिनके द्वारा उन्हें अवगत कराया गया कि मप्र शासन द्वारा 12 फरवरी से 31 मार्च तक ‘संकल्प से समाधान अभियान’ चलाया जा रहा है, जिसमें कोई भी व्यक्ति अपनी समस्याओं को बता सकता है और उसका जल्द से जल्द निराकरण भी किया जा रहा है। जानकारी प्राप्त होते ही मोहर सिंह ने अपनी पंचायत सिरसौदा में आयोजित शिविर में पहुंचकर आवेदन 14 जनवरी को जमा किया, जिसका निराकरण 19 जनवरी को कर उनके पिता के मृत्यु प्रमाण-पत्र को उनके घर जाकर उन्हें दिया गया। अपनी समस्या का शीघ्र निराकरण होने पर मोहर सिंह भावुक हो गए और उन्होंने मप्र शासन द्वारा संचालित संकल्प से समाधान योजना के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया।


