– सर्दी-खांसी का इलाज कराने गया था मरीज
भिण्ड, 20 जनवरी। जिले के मिहोना कस्बे में एक झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से 40 वर्षीय किसान की जान चली गई। सर्दी-खांसी के इलाज के लिए क्लिनिक पहुंचे किसान को डॉक्टर ने गलत इंजेक्शन लगा दिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच और पोस्ट मार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी डॉ. विजय बंगाली के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम जगनपुरा निवासी अखिलेंद्र उर्फ नीरू सिंह राजावत उम्र 40 साल को सर्दी-खांसी और जुकाम की शिकायत थी। वह 13 दिसंबर 2025 की दोपहर इलाज कराने के लिए मिहोना कस्बे के कश्मीर क्षेत्र स्थित झोलाछाप डॉ. विजय बंगाली की क्लिनिक पर गए थे। इलाज के दौरान डॉक्टर ने जैसे ही अखिलेन्द्र को इंजेक्शन लगाया, उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन कुछ समझ पाते या उन्हें बचाने का प्रयास करते, इससे पहले ही किसान ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों ने हंगामा करते हुए डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्ट मार्टम कराया और मामले की जांच शुरू की। जांच में डॉक्टर की लापरवाही सामने आने पर पुलिस ने आरोपी विजय बंगाली के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपी डॉक्टर मिहोना से फरार है, उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।


