– भरसूला में आयोजित हुई जिला समिति की कार्यशाला
दतिया, 19 जनवरी। विद्याभारती मध्यभारत प्रांत से संबद्ध ग्राम भारती शिक्षा समिति की एक दिवसीय कार्यशाला सरस्वती शिशु मन्दिर विद्यालय भरसूला में संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष प्रमोद पुजारी ने कहा कि हम सरस्वती शिशु मन्दिर के माध्यम से अपने गांव को आदर्श, स्वावलंबी, स्वच्छ और समरस बनाएं। गांव में सामाजिक समरसता कुटुम्ब प्रबोधन पर्यावरण संरक्षण स्वदेशी, नागरिक कर्तव्य के प्रति जागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने विद्यारंभ संस्कार प्रवेश अभियान, उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम संसाधन वृद्धि आदि विषयों पर विस्तार से जानकारी दी और चर्चा की।
प्रांतीय उपाध्यक्ष मुरलीधर धर्माणी ने कहा कि विद्यालय में सप्त शक्ति संगम मातृशक्ति, पूर्व छात्र, संयोजक मंडल को सक्रिय कर विद्यालय का विकास करना चाहिए। हमारे विद्यालय समाज चेतना के केन्द्र बनना चाहिए। इस अवसर पर जिला सचिव सुरेश कुमार रावत, कोषाध्यक्ष मोहन पटवा, जिला प्रमुख राजेन्द्र सिंह ठाकुर, सिलोरी सरपंच महेन्द्र सिंह रावत, सदस्य ठाकुर दास रावत, संकुल प्रमुख प्रधानाचार्य बंधु उपस्थित रहे। बैठक का संचालन संजय सिंह रावत ने किया। अतिथि स्वागत प्रधानाचार्य संतोष गुप्ता और गजेन्द्र सिंह रावत ने किया।


