– लाड़ली बहना योजना सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बहनों के आत्मसम्मान की गारंटी है : कामना सिंह
– जिले की 2.69 लाख से अधिक लाड़ली बहनों को 39.56 करोड़ से अधिक राशि का अंतरण
भिण्ड, 16 जनवरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा माखन नगर जिला नर्मदापुरम में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना की हितग्राहियों को सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि का अंतरण किया गया। जिसमें प्रदेश की 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों को 1836 करोड़ की राशि का अंतरण हुआ। जिसमें भिण्ड जिले की 2 लाख 69 हजार 197 लाड़ली बहनों को 1500 रुपए के मान से माह जनवरी 2026 की भुगतान हेतु कुल 39 करोड़ 56 लाख 12 हजार 900 रुपए का अंतरण किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम नगर पालिका परिषद भिण्ड के सभागार में आयोजित किया गया। जिसका शुभारंभ विधायक भिण्ड नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने कार्यक्रम को संबोधित कर कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का मूल उद्देश्य महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण, उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार और पारिवारिक निर्णयों में उनकी भूमिका को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बहनों व बेटियों के हित में लाड़ली लक्ष्मी योजना से लेकर लाड़ली बहना योजना तक अनेक कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव महिलाओं एवं बेटियों के उत्थान के लिए पूर्ण संवेदनशीलता के साथ कार्यरत हैं। सरकार निरंतर बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य व सशक्तिकरण हेतु ठोस कदम उठा रही है। सरकार बेटियों की पढ़ाई-लिखाई के लिए छात्रवृत्ति, स्कूल बैग व साइकिल जैसी सुविधाएं प्रदान कर रही है, तो सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन व निगरानी तंत्र मजबूत कर रही है। बहनों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन सतर्क है। सरकार कृतसंकल्पित है कि प्रत्येक बेटी आत्मनिर्भर बने, प्रत्येक बहन सम्मानित जीवन जिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह योजना लाड़ली बहनों के जीवन में खुशियों की बहार लेकर आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में प्रतिमाह सहायता राशि हस्तांतरित हो रही है, जो उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बहनों के आत्मसम्मान की गारंटी है। यह योजना महिलाओं को आत्म निर्भर बनाकर परिवार और समाज को मजबूत कर रही है। उन्होंने लाड़ली बहनों से अपील कर कहा कि वे इस राशि का उपयोग परिवार की उन्नति के लिए करें। सामाजिक मूल्यों की रक्षा कर अगली पीढ़ी को मजबूत बनाएं।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नगर पालिका परिषद भिण्ड के सभागार में देखा एवं सुना गया। इस दौरान नगर पालिका भिण्ड अध्यक्ष वर्षा बाल्मीकि, जनपद भिण्ड अध्यक्ष सरोज बघेल, कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा, परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण अधिकारी महिला बाल विकास विभाग सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में लाड़ली बहना उपस्थित रहीं।


