भिण्ड, 16 जनवरी। नगर परिषद मौ के वार्ड क्र.4 अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित पार्षद पद के उपचुनाव गुरुवारको कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ। प्रशासन ने निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने का दावा किया है। मुकाबला मुख्य रूप से सीधा भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी के बीच ही है। इस चुनाव में 941 मतदाताओं में से 539 महिला और पुरुष मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। मतपेटियां सुरक्षित स्ट्रांग रूम में जमा हो गई है। आगामी 19 जनवरी को मतगणना होगी।
रविवार को मनाया जाएगा गहोई दिवस
भिण्ड। गहोई वैश्य सभा के तत्वावधान में 18 जनवरी रविवार को सुबह 9 बजे को स्थानीय लश्कर रोड स्थित राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सामाजिक बंधुओं द्वारा गहोई दिवस हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। यह जानकारी सभा के अध्यक्ष शैलेन्द्र बिलैया ने दी।
जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति ‘दिशा’ की बैठक 17 को
भिण्ड। जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति ‘दिशा’ की बैठक 17 जनवरी को सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट सभागार भिण्ड में सांसद संध्या राय की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। जिसमें अध्यक्ष जिला पंचायत भिण्ड, अध्यक्ष समस्त नगरीय निकाय जिला भिण्ड, अध्यक्ष जनपद पंचायत अटेर, भिण्ड, गोहद, लहार, मेहगांव, रौन से नियत समय पर उपस्थित होना अपेक्षित है।

