– विकास के संकल्प और उपलब्धियों को साकार करने का माध्यम है यह अभियान : जिला समन्वयक
– शासन की उपलब्धियों और जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं : जनपद सीईओ
भिण्ड, 15 जनवरी। मप्र जन अभियान परिषद का ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान एक महत्वपूर्ण अभियान है, इस अभियान के अंतर्गत हमें ग्राम के आखिरी व्यक्ति तक सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को पहुंचाना है। इसलिए आप अपने सेक्टर और ग्राम स्तर पर निर्धारित किए गए दिवसों पर कार्य करें। यह बात मप्र जन अभियान के संभाग समन्वयक धर्मेन्द्र सिसोदिया ने मप्र जन अभियान परिषद के तत्वावधान में आयोजित ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र अभियान का जनपद पंचायत सभागार रौन में विकास खण्ड स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में कही। इस अवसर पर परिषद के जिला समन्वयक शिवप्रताप सिंह भदौरिया, जनपद पंचायत रौन की सीईओ वंदना गंगल, विकास खण्ड समन्वयक रौन सुनील कुमार चतुर्वेदी, मेहगांव समन्वयक जयप्रकाश शर्मा सहित समस्त विकास खण्ड की प्रस्फुटन समितियां, नवांकुर समितियां, मेंटर्स, छात्र, सीएम इंटर्न सहित अन्य समाजसेवी मौजूद थे।
संभाग समन्वयक धर्मेन्द्र सिसोदिया ने कहा कि जन अभियान परिषद की समस्त इकाइयों के लिए यह कार्य करने का अच्छा अवसर है, वह अपने आपको ग्रामों में कार्यों के माध्यम से अपनी पहचान बना सकती हैं और सरकार की योजनाओं को भी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा सकती है। उन्होंने कहा कि जन अभियान परिषद की यह पहल अच्छी है। सरकार को अच्छी योजनाओं का प्रचार प्रसार करने का काम भली भांति करें।
जनपद सीईओ वंदना गंगल ने कहा कि जहां तक मैं समझ पा रही हूं कि मप्र जन अभियान परिषद शासन और समाज के बीच एक सेतु की भूमिका में है। सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में जन अभियान परिषद का योगदान सराहनीय है। जिला समन्वयक शिवप्रताप सिंह ने कहा कि गांव ही हमारी आत्मा है और हमें मिल-जुलकर इसे मजबूत बनाना है। भारत कृषि प्रधान देश है, जिसका आधार ग्राम है, यदि कृषि में नवाचार आता है तो हमारे गांव आत्मनिर्भर बनेंगे। इस अभियान के जरिए परिषद् की प्रस्फुटन समितियां, नवांकुर संस्थाएं, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के सभी विद्यार्थी एवं परामर्शदाता, परिषद् से जुड़ी स्वैच्छिक संस्थाएं, धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संगठनों द्वारा भी सहभागिता की जाएगी।
स्वागत भाषण में ब्लॉक समन्वयक सुनील चतुर्वेदी ने कहा कि कि मप्र जन अभियान परिषद सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यक्रमों को गांव-गांव तक लेकर जाएंगे और ग्राम विकास के सरकार के लक्ष्य को पूरा करने, ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने बताया कि अभियान अंतर्गत ग्राम विकास पखवाड़ा में विकास खण्ड, सेक्टर एवं ग्राम पंचायत स्तरीय आयोजन ग्रामोत्सव के रूप संपन्न होगा। कार्यक्रम का संचालन मेंटर्स हरीबाबू निराला ने एवं आभार प्रदर्शन विकासखंड समन्वयक रौन सुनील चतुर्वेदी ने किया।


