– व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार के निर्णय पर चैंबर ऑफ कॉमर्स ने केन्द्रीय मंत्री सिंधिया और मुख्यमंत्री डॉ. यादव का जताया आभार
ग्वालियर, 15 जनवरी। मप्र सरकार द्वारा श्रीमंत माधवराव सिंधिया व्यापार ग्वालियर मेले में बिकने वाले वाहनों पर रजिस्ट्रेशन शुल्क एवं रोड टैक्स में छूट देने के निर्णय में महत्वपूर्ण सहयोग के लिए मप्र चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, ऑटोमोबाइल डीलर एसोसिएशन, ग्वालियर मेला व्यापारी संघ, कोफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स ग्वालियर के प्रतिनिधि मण्डल ने केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भेंट कर मुख्यमंत्री के समक्ष यह प्रस्ताव रखने और पत्र लिख यह आग्रह करने पर आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधि मण्डल ने कहा कि यह निर्णय न केवल व्यापारियों के लिए राहत लेकर आया है, बल्कि इससे ग्वालियर-चंबल अंचल में व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई ऊर्जा मिलेगी।
व्यापार मेला बनेगा आर्थिक गतिविधियों का केन्द्र
प्रतिनिधि मण्डल ने बताया कि रजिस्ट्रेशन एवं रोड टैक्स में दी गई छूट से व्यापार मेले में वाहनों की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय व्यापारियों, ऑटोमोबाइल डीलर्स और सहायक उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा। यह निर्णय उपभोक्ताओं के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।
चैंबर ऑफ कॉमर्स में पधारने का दिया आमंत्रण
इस अवसर पर मप्र चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने केन्द्रीय मंत्री सिंधिया को चैंबर ऑफ कॉमर्स में पधारने का औपचारिक आमंत्रण भी दिया। प्रतिनिधि मण्डल ने आशा व्यक्त की कि उनके मार्गदर्शन में व्यापारिक समुदाय को भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग मिलता रहेगा।
व्यापार और विकास एक-दूसरे के पूरक हैं : सिंधिया
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रतिनिधि मण्डल का आभार स्वीकार करते हुए कहा कि व्यापार और उद्योग किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होते हैं। राज्य सरकार का यह निर्णय स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन देने और आत्म निर्भर अर्थ व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आश्वस्त किया कि केन्द्र और राज्य सरकार मिलकर व्यापार, उद्योग और रोजगार सृजन के लिए निरंतर कार्य करती रहेंगी।
भेंट के दौरान मप्र चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, ऑटोमोबाइल डीलर एसोसिएशन, मेला व्यापारी संघ, कोफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स ग्वालियर के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।


