ग्वालियर, 13 जनवरी। जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन व भण्डारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस क्रम में मंगलवार को डबरा तहसील के अंतर्गत अलग-अलग स्थानों से रेत के अवैध परिवहन में लिप्त दो ट्रेक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं।
जिला खनिज अधिकारी घनश्याम सिंह यादव ने बताया कि इन दोनों ट्रेक्टर ट्रॉलियों को विधिवत जब्त कर संबंधित पुलिस थाने की अभिरक्षा में रखा गया है। साथ ही खनिज अधिनियमों के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।
दिव्यांगजनों को बैटरी चलित ट्राइस्किल के लिए पंजीयन 15 जनवरी तक
ग्वालियर। जिले में निवासरत अस्थि बाधित दिव्यांगजनों को बैटरी चलित ट्राइस्किल प्राप्त करने का सुनहरा अवसर है। इसके लिए 15 जनवरी तक ट्रिपल आईटीएम के सामने वाली रोड पर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी दिव्यांग खेल प्रशिक्षण केन्द्र, पीएमडीके (एलिम्को) में पंजीयन कराए जा सकते हैं।
प्रभारी संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण विनोद सिंह ने बताया कि बैटरी चलित ट्राइस्किल प्राप्त करने के लिए अस्थि बाधित दिव्यांगता का प्रतिशत 60 प्रतिशत या उससे अधिक होना चाहिए। इस आशय का प्रमाण-पत्र आवेदन के साथ संलग्न करना होगा। साथ ही आधारकार्ड, समग्र आईडी (अनिवार्य नहीं), आय प्रमाण-पत्र, पेंशन प्रमाण-पत्र, सरपंच या वार्ड पार्षद का प्रमाणीकरण इनमें से कोई एक संलग्न करना होगा। दिव्यांग आवेदक की आय 22 हजार 500 रुपए से कम होना चाहिए।


