– म्याना में भोपाल-ग्वालियर एक्सप्रेस, पगारा में भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस का ठहराव
– म्याना रोड के कायाकल्प को मंजूरी, 70 लाख से बनेगी आधुनिक सड़क
गुना, 09 जनवरी। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री एवं गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने म्याना में भोपाल-ग्वालियर एक्सप्रेस (12197) और पगारा में भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस (14814) के नवस्वीकृत ठहराव का उदघाटन किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकास की जयघोष के साथ और ट्रेन की सीटी के साथ आज मैं म्याना और पगारा आया हूं। यह केवल एक रेलगाड़ी का ठहराव नहीं, बल्कि इस मिट्टी के विकास और आगे बढ़ते सफर की कहानी है। उन्होंने कहा कि रेलवे की यह कनेक्टिविटी आसपास के क्षेत्रों के लोगों को देश के कोने-कोने से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगी और शिक्षा, रोजगार, व्यापार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच को और सरल बनाएगी।
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस (14814) के ठहराव की घोषणा करते हुए कहा कि आज की यह शाम पगारा की जनता के नाम है। मैं पगारा स्टेशन पर भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस का ठहराव लेकर आया हूं। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है।
जहां गुना में कभी 2 ट्रेनें आती थीं, आज 70 ट्रेनें आती हैं : सिंधिया
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि एक समय था जब गुना में केवल 2 ट्रेनें आती थीं, आज यहां 70 से अधिक ट्रेनें आती हैं। बीते 20 वर्षों में नई सोच और नई कल्पना के आधार पर रेल नेटवर्क का विस्तार हुआ है। उन्होंने बताया कि आज गुना से मुंबई-झांसी की रिवर्स ट्रेन, पुरी, इंदौर-चंडीगढ़, पश्चिम से दक्षिण भारत तक की ट्रेनें, अमृतसर (स्वर्ण मन्दिर) और हावड़ा तक की सीधी रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि गुना मेरी दिल की धड़कन है। जब-जब मैं गुना आता हूं कुछ न कुछ साथ लेकर आता हूं। यह तो केवल शुरुआत है, गुना के लिए और भी बड़े कार्य आने वाले हैं।
म्याना स्टेशन को 6 करोड़ की लागत से मिला आधुनिक स्वरूप
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि 6 करोड़ की लागत से म्याना रेलवे स्टेशन का पूर्ण नवीनीकरण कराया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर प्लेटफार्म, प्रकाश व्यवस्था एवं आधुनिक सुविधाए उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही ग्वालियर इंटरसिटी और भोपाल-ग्वालियर एक्सप्रेस का ठहराव मयाना में सुनिश्चित किया गया है, जिससे अब क्षेत्र के लोगों को गुना जाकर ट्रेन पकड़ने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
देश के कोने-कोने से जुड़ रहा है गुना-म्याना-पगारा क्षेत्र
सिंधिया ने कहा कि सिंधिया परिवार ने रेलवे विकास में ऐतिहासिक योगदान दिया है और आज उसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए इस क्षेत्र को आधुनिक भारत की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। सिंधिया परिवार द्वारा शुरू की गई ग्वालियर-पुणे, ग्वालियर-बेंगलुरु, बनारस-कोटा जैसी ट्रेनों के माध्यम से अब इस अंचल की जनता देश के हर कोने तक आसानी से पहुंच रही है, जिससे युवाओं, किसानों, व्यापारियों और नौकरीपेशा वर्ग के लिए नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
म्याना रोड के लिए 70 लाख की स्वीकृति
मंच से घोषणा करते हुए केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने बताया कि मयाना रोड के विकास कार्य को स्वीकृति दे दी गई है, जिसके तहत 70 लाख रुपए का टेंडर लगाया जा रहा है। इसके अंतर्गत आने वाले दिनों में लगभग 2 किमी लंबी उच्च गुणवत्ता वाली आधुनिक सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिससे म्याना की जनता को धूल, जाम और असुविधा से स्थायी राहत मिलेगी।
रेल रुकेगी, विकास नहीं
अपने संबोधन के अंत में सिंधिया ने कहा कि स्टॉपेज पटरियों पर लगता है, लेकिन गुना-चंबल के विकास की पटरी पर सिर्फ एक्सीलेरेटर लगा है, ब्रेक नहीं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि शिवपुरी में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।


