– जनसेवा से सशक्तिकरण तक शिवपुरी में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने लिखा विकास का नया अध्याय
– शिवपुरी में विकास की बौछार: पंचायत भवन, सड़क और 3 विद्युत उपकेन्द्रों की सौगात, क्षेत्र को मिले 16 करोड़ के विकास कार्य
शिवपुरी, 09 जनवरी। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री एवं गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने प्रवास के दूसरे दिन शिवपुरी एवं कोलारस क्षेत्र में पंचायत भवन, सड़क और तीन विद्युत उपकेन्द्रों सहित कुल 16 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में लुकवासा पंचायत भवन, 9.09 करोड़ की सड़क तथा कोलारस विधानसभा क्षेत्र में तीन नए विद्युत उपकेन्द्र शामिल हैं, जो ग्रामीण एवं आदिवासी अंचल के सर्वांगीण विकास को नई गति देंगे।
लुकवासा ग्राम पंचायत में नवनिर्मित पंचायत भवन के लोकार्पण एवं अपने पिता श्रीमंत माधवराव सिंधिया की प्रतिमा के अनावरण अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह भवन केवल प्रशासनिक संरचना नहीं, बल्कि गांव की आत्मा है। यहीं से जन-आवाज सुनी जाएगी, योजनाएं बनेंगी और निर्णय गांव के हर घर के भविष्य को दिशा देंगे। उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस पंचायत भवन में डिजिटल रिकार्ड रूम, नागरिक सेवाओं का एकीकृत कक्ष, बैठक एवं प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह भवन महिलाओं के स्व-सहायता समूहों, किसानों, युवाओं और ग्रामीण नवाचारों का केन्द्र बनेगा। अप्रैल माह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में लुकवासा को मिले 1.59 करोड़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पंचायत भवन उसी विकास श्रृंखला की अगली मजबूत कड़ी है।
9.09 करोड़ की सड़क से आदिवासी अंचल के विकास का नया रास्ता
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत टोंगरा-कुड़ापाडोण-रूहानी दरगवां मार्ग का लोकार्पण किया। 14.20 किमी लंबी यह सड़क 9.09 करोड़ की लागत से निर्मित की गई है। उन्होंने कहा कि यह सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि आदिवासी अंचल के जीवन में सम्मान, सुविधा और अवसर का नया द्वार है। इस मार्ग से कुड़ापाडोण, रूहानी, दरगवां सहित आसपास के 250 से अधिक घरों और लगभग 4500 नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और रोजगार तक समय पर पहुंच संभव होगी। दरगवां स्थित शिव मन्दिर में महाशिवरात्रि पर लगने वाले मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यात्रा अब अधिक सुरक्षित और सुगम होगी।
मोदी सरकार की नीतियों से बदली आदिवासी क्षेत्रों की तस्वीर
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जा रही हैं। शिवपुरी जिला देश का एकमात्र जिला है, जहां 11 हजार से अधिक पीएम जनमन आवास पूर्ण किए जा चुके हैं, जो आदिवासी सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि कोलारस क्षेत्र में अब कुल 18 विद्युत उपकेन्द्र कार्यरत या निर्माणाधीन हो चुके हैं। उन्होंने संकेत दिया कि कोलारस के लिए 132 केवी उपकेन्द्र की स्वीकृति प्रक्रिया भी प्रगति पर है, जिससे आने वाले समय में क्षेत्र को और सुदृढ़ विद्युत आपूर्ति मिलेगी। इन उपकेन्द्रों से ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में निर्बाध बिजली, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, कृषि कार्यों और छोटे व्यवसायों को मजबूती मिलेगी, जिससे आत्मनिर्भरता को नई गति मिलेगी। अपने संबोधन के अंत में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि यह दिन केवल परियोजनाओं का उदघाटन नहीं, बल्कि शिवपुरी-कोलारस अंचल के समग्र विकास का संकल्प है। सड़क, बिजली, पंचायत और जनसेवा ये सभी मिलकर इस क्षेत्र को विकास की नई ऊँचाइयों तक ले जाएंगे।


