– आरोपियों से दो प्लाटों की रजिस्ट्रीयां जब्त
भिण्ड, 07 जनवरी.मनीष दुबे।
नगर पालिका परिषद भिण्ड में हुए तीन करोड़ के भ्रष्टाचार के मामले में सीएसपी निरंजन सिंह राजपूत एवं उनकी टीम ने 2 आरोपी को गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। दोनों आरोपियों ने अपने परिजनों, परिचितों के खातों में 72 लाख रुपए पहुंचाए हैं एवं उनसे दो प्लाटों की रजिस्ट्री भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार थाना सिटी कोतवाली भिण्ड के अपराध क्र.750/2024 धारा 409, 420, 467, 468, 120बी ताहि एवं 13(1)(डी) भ्रष्टाचार अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। विवेचना में आए साक्ष्य के आधार पर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों ने आरोपी राजेन्द्र चौहान के साथ मिलकर अपने परिजनों, परिचितों के बैंक खाता नबर हितग्राहियों के स्थान पर कूटरचित बैंक खाते लगाकर कर्मकार योजना में पैसों का लाभ लिया गया था। दोनों आरोपियों ने अपने परिजनों, परिचितों के खातों में 72 लाख रुपए पहुंचाए है। जिसमें से 35 लाख रुपए आरोपी राजेन्द्र चौहान को देना बताया है, शेष रुपए उक्त आरोपियों द्वारा स्वयं उपयोग किया गया है। आरोपियों से 2 प्लॉट की रजिस्ट्री भी जब्त की गई है। इस कार्रवाई सीएसपी निरंजन सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक मनीष सिंह, मनीष सिंह भदौरिया, विनय शर्मा, राकेश तोमर की सरहनीय भूमिका रही।


