– बोर्ड परीक्षा की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित
भिण्ड, 05 जनवरी। माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित की जाने वाली हायर सेकेण्ड्री व हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार भिण्ड में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान अपर कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने निर्देश दिए कि माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाएं नकल रहित एवं अनुशासित माहौल में आयोजित हो सकें। बैठक में विशेष रूप से परीक्षा केन्द्रों की भौतिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि केन्द्राध्यक्ष एवं सहायक केन्द्राध्यक्षों की ड्यूटी रैंडम पद्धति से लगाई जाए, जिससे निष्पक्षता बनी रहे। सभी परीक्षा केन्द्रों पर मजबूत बाउण्ड्रीवाल या फैंसिंग होना अनिवार्य है। जहां भी बाउएड्रीवाल टूटी हुई है, उसे शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए, साथ ही आवश्यकता होने पर ऊंचाई बढ़ाने या अतिरिक्त फैंसिंग कराने पर बल दिया गया।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सभी कक्षों में संचालित अवस्था में सीसीटीवी कैमरे लगे हों। परीक्षा के दौरान पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रहे तथा इमरजेंसी लाइट भी उपलब्ध हो। परीक्षा कक्षों के दरवाजे-खिड़कियां दुरुस्त हों, खिड़कियों पर जाली लगी हो तथा दीवारों में कहीं भी छेद न हो, यदि हों तो उन्हें तुरंत बंद कराया जाए। इन सभी व्यवस्थाओं के माध्यम से बोर्ड परीक्षाओं को पूर्णत: पारदर्शी, सुरक्षित और नकल रहित वातावरण में संपन्न कराएं।


