– कांग्रेस के द्वारा दूषित पानी से हुई मौतों के बाद मंत्री के दिए बयान पर किया गया विरोध प्रदर्शन
भिण्ड, 04 जनवरी.मनीष दुबे ।
भिण्ड में सांसद बंगले के बाहर कांग्रेस पार्टी के जिला जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया और ग्रामीण जिलाध्यक्ष रामकेश बघेल के नेतृत्व में घंटा बजाकर भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन किया गया। कार्यकर्ता जब सांसद बंगले की तरफ जा रहे थे तो पुलिस के द्वारा लगाए गए बेरिगेट्स के पास पुलिस और कांग्रेसियों की झड़प भी हुई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के द्वारा दर्जन भर से ज्यादा मौतें होने के बाद भी आपत्तिजनक बयानबाजी की जा रही है जिससे साबित होता है कि सरकार के मंत्री सत्ता के मद में चूर हो गए हैं।
बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता सांसद के बंगले के बाहर पहुंचे और ‘घंटा’ बजाकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। यह विरोध इंदौर में दूषित पानी और छिंदवाड़ा में नकली दवा से हुई मौतों को लेकर था। कांग्रेस ने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के घंटा वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को बंगले के पास ही रोक दिया था। कांग्रेस का प्रदर्शन दोपहर में इंदिरा गांधी चौराहे से शुरू हुआ। कांग्रेसी कार्यकर्ता हाथों में घंटे और शंख लेकर पैदल मार्च करते हुए चंबल कॉलोनी स्थित सांसद के बंगले की तरफ बढ़े। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। जैसे ही प्रदर्शनकारी बंगले के करीब पहुंचे, पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोक दिया। यहां करीब डेढ़ घंटे तक मुख्यमंत्री मोहन यादव और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ जमकर नारेबाजी होती रही। खास बात यह रही कि जिस समय बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता घंटा बजाकर प्रदर्शन कर रहे थे, उस वक्त सांसद संध्या राय बंगले के अंदर मौजूद थीं और अपने समर्थकों से जन्मदिन की शुभकामनाएं स्वीकार कर रही थीं। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि इंदौर में जिन ठेकेदारों की लापरवाही से मौतें हुईं, वे मुख्यमंत्री के करीबी हैं, इसलिए उन पर कार्रवाई नहीं हो रही। कांग्रेस के घंटा प्रदर्शन के दौरान संतोष त्रिपाठी, संदीप मिश्रा, रेखा भदौरिया, राहुल कुशवाह, चैतन्य शर्मा, अनामिका गोयल सहित कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस्तीफा दें मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
शहर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेन्द्र भदौरिया पिंकी ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह असंवेदनशील हो चुकी है। छिंदवाड़ा में नकली कफ सिरप से बच्चों की जान गई और इंदौर में सीवर का पानी पीने से लोग मर रहे हैं। जब पत्रकार सवाल पूछते हैं, तो मंत्री कैलाश विजयवर्गीय घंटा जैसे शब्दों का प्रयोग करते हैं। यह उनकी दूषित मानसिकता है। कांग्रेस ने नैतिकता के आधार पर सीएम और मंत्री के इस्तीफे की मांग की है।


