भिण्ड, 03 जनवरी.मनीष दुबे।
सकल हिन्दू समाज के तत्वावधान में मेहगांव के बरहद मंडल में विशाल हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें साधु-संतों, महात्माओं, मातृ शक्ति तथा सकल हिन्दू समाज के हजारों लोगों ने उत्साह पूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि 1008 कमलदास महाराज ने कहा कि जब हिन्दू समाज संगठित होगा तभी समर्थ व सशक्त भारत का निर्माण संभव हैं। उन्होंने कहा कि समाज को पंथ मजहब के नाम पर बांटने के प्रयास होते रहे हैं, किंतु हिन्दुत्व एक ऐसी जीवन परंपरा है जो किसी के प्रति द्वेष नहीं सिखाती बल्कि राष्ट्र, समाज और मानवता को जोड़ने का कार्य करती है। देश के उज्जवल भविष्य एवं सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए हिन्दू समाज को संगठित होकर आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता जगदीश दीक्षित ने कहा कि हिन्दू समाज की एकता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है, जब समाज संगठित जागरूक और आत्मविश्वासी होगा तब कोई भी विघटनकारी शक्ति राष्ट्र की शक्ति को रोक नहीं सकती। सनातन संस्कृति केवल आस्था नहीं बल्कि जीवन का वह मार्ग है, जो व्यक्ति को कर्तव्य अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का बोध कराता है। कार्यक्रम मातृ शक्ति के रूप में उपस्थित कल्पना सोनी ने कहा कि कि हमें अपने परिवार, समाज में संस्कार एकजुटता, आपसी सहयोग एवं परंपराओं के सम्मान द्वारा ही एक अच्छे समाज का निर्माण संभव है।


