– मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद, बाल सेवा एवं स्पॉन्सरशिप योजना के तहत लाभान्वित बालकों से की मुलाकात
भिण्ड, 03 जनवरी। संचालनालय महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार जिला भिण्ड अंतर्गत मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना, मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना एवं स्पॉन्सरशिप योजना के तहत लाभान्वित बालकों से मुलाकात, देख-रेख एवं संरक्षण की जरूरतमंद बालकों हेतु संचालित बाल देख-रेख संस्थाओं के निरीक्षण के संबंध में राज्य स्तरीय प्रतिनिधि सहायक संचालक संचालनालय महिला बाल विकास आनंद शिवहरे ने संस्थाओं का निरीक्षण किया एवं बालकों से बात की।
जिला भिंड अंतर्गत देख-रेख एवं संरक्षण के तहत किशोर न्याय अधिनियम अंतर्गत पंजीकृत गहोई शिक्षा प्रसार समिति बालग्रह का निरीक्षण किया गया, निरीक्षण में 10 बालक उपस्थित मिले। संस्थागत अन्य सुविधाओं का निरीक्षण कर बालकों से बात की गई एवं संस्थागत सुधार के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। उसके पश्चात राज्य स्तर से आए सहायक संचालक आनंद शिवहरे, जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन तिवारी, बाल संरक्षण अधिकारी अनिल कुमार शर्मा, बाल संरक्षण अधिकारी अजय सक्सेना, सामाजिक कार्यकर्ता विनीता मौर्य, नंदिनी खत्री कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा स्पॉन्सरशिप एवं मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के लाभान्वित हितग्राहियों से चर्चा की गई।
विदित है मप्र शासन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ऐसे बालक जिनके माता-पिता दोनों नहीं हैं अथवा ऐसे बालक जिनके पिता नहीं है, के संरक्षण के लिए स्पॉन्सरशिप और मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजनाएं संचालित हैं। जिनके तहत हितग्राही को चाह हजार रुपए प्रतिमाह के मान से राशि का भुगतान उनकी शिक्षा स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए किया जाता है। जिला अंतर्गत ऐसे 148 बच्चों को लाभान्वित किया जा रहा है। शासन की मंशा अनुरूप ऐसे ही कुछ बालक और उनके परिजन से मुलाकात की गई।
सहायक संचालक शिवहरे ने मुलाकात में बच्चों से उनकी कुशलक्षेम जानी। भविष्य में क्या बनना चाहते हैं उस पर भी विचार विमर्श किया। साथ ही उनके परिजनों से बात की और न केवल महिला बाल विकास अपितु अन्य विभाग में संचालित योजनाओं से किस प्रकार से उनको लिंक किया जा सकता है के संबंध में उपस्थित समस्त स्टाफ के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई के लिए रणनीति तैयार करने हेतु कहा। साथ ही मिलने वाले सभी बालकों को महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गिफ्ट प्रदान किया गया। जब बालकों से उनके भविष्य को लेकर चर्चा की तो बालक ऊर्जावान और भविष्य के प्रति आशावान प्रतीत हुए। उन्होंने सभी बालकों को महिला बाल विकास विभाग की ओर से अश्वस्त किया कि यह राशि भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी और योजना की पात्रता के तहत आपको राशि प्रदान की जाती रहेगी। मप्र शासन महिला एवं बाल विकास विभाग ऐसे बच्चों के साथ है आप ना केवल योजना के हितग्राही हैं, अपितु महिला बाल विकास विभाग के परिवार के सदस्य हैं। उसके पश्चात बाल आशीर्वाद योजना के कुछ हितग्राहियों से उनके घर पर जाकर भी भेंट की, जहां उनकी कुशलता जानी और वर्तमान में बालकों की शिक्षा सामाजिक स्थिति स्वास्थ्य आदि पर भी चर्चा की और उन्हें भी विभाग की ओर से उपहार प्रदान किया।


