– सिर्फ कहने भर से नारी सशक्तिकरण नहीं होगा, हिम्मत के साथ कुछ करके भी दिखाना है : जैन
– युवा जागरूक होगा, तो समाज और राष्ट्र मजबूत होगा : पाठक
– छठवें दिन स्वयं सेवकों ने बेटी बचाओ थीम पर रैली निकाली
भिण्ड, 30 दिसम्बर.मनीष दुबे ।
शा. उत्कृष्ट उमावि क्र.एक के राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर के छठवें दिन स्वामी विवेकानंद जी का व्यक्तित्व और कृतित्व, नारी सशक्तिकरण और साइबर सुरक्षा विषय पर पर विभिन्न सत्रों में कार्यक्रम संपन्न हुए। प्रथम सत्र में विवेकानंद केन्द्र शाखा भिण्ड से श्रवण कुमार पाठक, उपेन्द्र मिश्रा, प्रो. रामानंद शर्मा और डॉ. साकार तिवारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। जिन्होंने स्वामी विवेकानंद के जीवनकाल, व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वामी जी के विचारों का युवाओं को अनुशरण करना चाहिए। यदि युवा जागरूक हो गया तो समाज जागरूक होगा और एक सशक्त,समृद्ध और विकसित राष्ट्र का निर्माण होगा।
बौद्धिक सत्र में नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत ने कहा कि आज के डिजिटल युग में हमे बहुत सतर्क, सावधान और सचेत रहने की जरूरत है, खास तौर से टीन एजर्स को, जो अभी मैच्योर नहीं है, वे अपने सारे सपने जल्दी से जल्दी पूरे करना चाहते हैं और सोशल मीडिया फेसबुक, इंस्ट्राग्राम, यूट्यूब की लुभावनी बातों और आकर्षक विज्ञापनों में फंसकर अपना कैरियर,फ्यूचर यहां तक कि पूरा जीवन बर्बाद कर लेते है। दुनियां में कोई चीज फ्री में नही मिलती। हम किसी भी प्रकार के लालच में न पड़ें, किसी से न डरें। अगर अपने विवेक और साहस से निर्णय लेंगे तो डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाओं और आर्थिक नुक्सान से बचे रहेंगे। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करे, अनजान $फोन कॉल रिसीव न करें। अगर कोई फ्रॉड होता है तो 1930 पर तुरंत कॉल करें।
महिला सशक्तिकरण सत्र में नवजीवन सहयातार्थ संगठन की संस्थापिका समाजसेवी नीतेश जैन, किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य मुदिता भारद्वाज और उप निरीक्षक रत्ना जैन उपस्थित रहीं। जिन्होंने महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार रखे। बच्चियों को प्रोत्साहित करते हुए सब इंस्पेक्टर रत्ना जैन ने कहा कि अगर तुम्हारे साथ कोई छेड़छाड़ या अन्य हरकत करता है तो उसे इग्नोर न करें, तुरंत हिम्मत के साथ जवाब दें। किसी भी समस्या को छुपाएं या दबाएं नहीं अपने अभिभावक या शिक्षकों को जरूर बताएं। नीतेश जैन ने रक्तदान और समाजसेवा पर अपने विचार व्यक्त किए। मुदिता भारद्वाज ने किशोरों से जुड़ी समस्याओं और महिला परामर्श केंद्र एवं बाल संरक्षण के बारे में भी जानकारी दी।
अंत में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. धीरज सिंह गुर्जर ने सभी का आभार व्यक्त किया। संचालन महक और अंशिका ने किया। कार्यक्रम के दौरान खण्ड शिक्षा अधिकारी उमेश सिंह भदौरिया, गौरव गर्ग, मंजेश भदौरिया, कौशलेन्द्र सिंह कौशल, अंशिका जैन, कामिनी भाटिया, तनीषा, दीप्ति, साहिल, विष्णु, विजय, चेतना, वंदना, अनुष्का, संध्या, नीतेश, विजय, नृपेन्द्र आदि मौजूद रहे। छात्रों द्वारा बेटी बचाओ रैली शिविर स्थल से गांधीनगर, बी ब्लॉक होते हुए बस स्टेण्ड तक निकाली गई।


