– मतदाता जागरूकता और एसआईआर पर दी जानकारी एवं रैली निकाली
भिण्ड, 29 दिसम्बर। शा. उत्कृष्ट उमावि क्र.एक द्वारा खादर गऊघाट स्थित गायत्री कॉलेज में संचालित रासेयो विशेष शिविर के पांचवे दिन सोमवार को आत्म रक्षार्थ मार्शल आर्ट्स प्रदर्शन, यातायात रैली एवं विभिन्न बौद्धिक सत्रों का आयोजन हुआ। सर्वप्रथम शिविरार्थियों ने प्रात: व्यायाम और परियोजना कार्य संपन्न किया, तत्पश्चात खेल प्रशिक्षक राधेगोपाल यादव ने बालिकाओं को आत्मरक्षार्थ प्रशिक्षण दिया। उन्होंने अपने शिष्य तथा कराटे के सीनियर खिलाड़ी श्रेया यादव, मधु एवं सत्या तोमर के माध्यम से कराटे विधा का विशेष प्रदर्शन किया। साथ खेल विभाग में कोच बृजवाला यादव द्वारा खिलाड़ियों को खेलो से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। इसके बाद दोपहर में विभिन्न बौद्धिक सत्रों का आयोजन हुआ।
प्रथम बौद्धिक सत्र में जिला अभियान परिषद के समन्वयक शिवप्रताप सिंह भदौरिया ने शिविरार्थियों को जीवन में विपरीत परिस्थितियों के आने पर भी हिम्मत बनाए रखने और मानसिक रूप से मजबूत बनने की बात कही। विशिष्ट अतिथि पर्वतारोही एवं एनएसएस पुरुस्कार प्राप्त धर्मेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि प्रत्येक शिविरार्थी अपने व्यक्तित्व को निखारने पर काम करे और जीवन में सदैव अनुशासन बनाए रखें। उन्होंने अपने पर्वतारोहण के अनुभव एवं रासेयो के मूल दर्शन पर प्रकाश डाला।
द्वितीय सत्र में तहसीलदार रंजीत सिंह कुशवाह ने शिविरार्थियों को एसआईआर के बारे में बताया एवं जागरूक रहकर पात्र सरकारी योजनाओं को जनजन तक पहुंचाकर स्वयं भी उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि राकेश शर्मा ने मतदान की अनिवार्यता विषय पर जानकारी दी। इसी दौरान चेतना, महक, नीतेश, नृपेन्द्र, संध्या, मोहिनी, दीक्षा ने लघु नाटक के माध्यम से घर घर जाकर एसआईआर की जानकारी में मतदाताओं द्वारा किए जा रहे बर्ताव की जानकारी नाटक द्वारा प्रस्तुत की।
तृतीय सत्र में संजीवनी रक्तदान संगठन से बबलू सिंधी ने रक्तदान करने के फायदे एवं रक्तदान करने की प्रक्रिया के बारे में बताया। साथ ही टीम रोटी बैंक की प्रभारी रोमा शर्मा ने बताया कि असहाय लोगों की मदद करना ही मानव धर्म है। हमें समाज में गरीब, कमजोर लोगों की मदद करके उनको समाज की मुख्य धारा में लाना है। वहीं बौद्धिक सत्र में शाम को ट्रैफिक प्रभारी राघवेन्द्र भार्गव ने शिविरार्थियों को यातायात नियमों के पालन करने की सीख दी एवं उनको यातायात नियमों एवं घायल व्यक्ति की मदद करने संबंधी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा छात्रों की यातायात जागरूकता रैली को हरि झंडी दिखाकर रवाना किया। सांस्कृतिक सत्र में कौशलेन्द्र कौशल ने भिण्ड के पारंपरिक लोकगीत और कविता पाठ कर सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रारंभ किया। संचालन श्रेया एवं दीप्ति ने किया। इस दौरान शिविर प्रभारी डॉ. धीरज सिंह गुर्जर एवं सहयोगी मंजेश भदौरिया, गौरव गर्ग के साथ एक सैकड़ा शिविरार्थी मौजूद रहे।


