भिण्ड, 28 दिसम्बर.मनीष दुबे ।
जिले में इस समय कड़ाके की सर्दी पड़ रही है, आलम यह है कि दिन में भी ओस की बूंदे गिर रही हैं। रविवार सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा जो दोपहर तक बना रहा। बर्फीली हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। रविवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हवा में नमी 85 प्रतिशत रही। कोहरे और ठंड के कारण लोग घरों में ही रहे और आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
जिले के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर यहां दिख रहा है। 8 से 10 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से सर्द हवाएं चल रही हैं। दोपहर का अधिकतम तापमान 21 डिग्री रहने का अनुमान है। विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। कोहरे के कारण सबसे ज्यादा परेशानी वाहन चालकों को हो रही है। रात के समय हाईवे पर दृश्यता घटकर 20 मीटर से भी कम रह जाती है, जिससे सिर्फ सामने से आने वाले वाहनों की लाइटें दिखाई देती हैं। नेशनल हाईवे-719 संकरा होने और वाहनों की अधिक संख्या के कारण यहां जोखिम ज्यादा है। दोपहिया वाहन चालकों को भी काफी परेशानी हो रही है। ट्रैफिक टीआई राघवेन्द्र भार्गव ने लोगों से अपील की है कि वाहन चालक ट्रैफिक नियमों का पालन करें। कोहरे के कारण वाहन धीमी गति से चलाएं और इंडिकेटर का उपयोग जरूर करें।


