भिण्ड, 28 दिसम्बर. मनीष दुबे।
शिवपुरी जिले के खनियांधाना क्षेत्र में महान ग्रंथ मनुस्मृति को जलाए जाने की घटना को लेकर भिण्ड शहर में सवर्ण समाज, परशुराम सेना, श्रीराम सेना सहित अन्य सामाजिक संगठनों द्वारा कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। संगठनों ने इस घटना को सामाजिक संरचना और सनातन परंपराओं पर आघात बताते हुए निंदा की।
इसी क्रम में भिण्ड शहर के कुण्डेश्वर महादेव मन्दिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ महर्षि मनु द्वारा रचित महाग्रंथ मनुस्मृति का विधिवत पूजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि मनुस्मृति के माध्यम से देश, समाज और परिवार में संस्कारों एवं सामाजिक व्यवस्थाओं की स्थापना हुई है, जिन्हें बनाए रखना प्रत्येक सनातनी का दायित्व है। पूजन कार्यक्रम के दौरान सनातन संस्कृति, वैदिक परंपराओं और सामाजिक संस्कारों को संगठित व संरक्षित रखने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर भीम आर्मी से जुड़े पदाधिकारियों की कथित मानसिकता का विरोध करते हुए वक्ताओं ने कहा कि समाज में वैमनस्य फैलाने वाली किसी भी सोच को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम में मन्दिर के महंत शास्त्री बरुआ महाराज, परशुराम सेना के जिला अध्यक्ष देवेश शर्मा सोनू, देवेन्द्र शर्मा, सवर्ण आर्मी के अध्यक्ष दुश्यंत सिंह, परशुराम सेना के उपाध्यक्ष विनीत शर्मा बंटी, बांके बिहारी, मंतोष, श्रीराम सेना के रोमी चौहान, कुलदीप तिवारी, अनुज ‘प्रिंसÓ दूरबार, आदित्य शास्त्री, राहुल गुर्जर, राष्ट्रीय हिन्दू शक्ति संगठन से शुभम पचौरी, कुलदीप गुर्जर, सूर्यांश दुबे, गोलू शुक्ला सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। अंत में उपस्थित जनसमूह ने जय श्रीराम के नारों के साथ देश में सनातन संस्कृति को संगठित और सुदृढ़ बनाए रखने की शपथ ली।

