भिण्ड, 28 दिसम्बर.मनीष दुबे ।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर ने कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस मनाया। इा अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया पिंकी के नेतृत्व में भिण्ड के वार्ड क्र.7 गली नं.3 एससी बस्ती में श्रमदान किया गया।
इस अवसर जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया पिंकी ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी अपना 140वां स्थापना दिवस मना रही है, इस अवसर पर एससी बस्ती में श्रमदान किया गया। कांग्रेस पार्टी की स्थापना ऐसे समय में की गई जब 1857 की क्रांति के बाद स्वतंत्रता संग्राम के आंदोलन तमाम गुटों में बटकर बिखर गए और स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन प्रभावी रूप से काम नहीं कर पा रहा था। इसी को एक करने के लिए कांग्रेस की स्थापना की गई और सन 1947 को देश आजाद हो गया। भिण्ड नगर पालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में जगह-जगह जल भराव है, लोग निकालने के लिए परेशान हैं, नगर पालिका भिण्ड में कोई विकास नहीं कर रही है, नगर पालिका अब नरक पालिका बन चुकी है, नगर पालिका के हर विभाग में बहुत भ्रष्टाचार है, इसी कारण नगर पालिका के उपाध्यक्ष सहित ज्यादातर पार्षद इस्तीफा देना चाहते हैं, नगर पालिका की अव्यवस्थाओं में सुधार नहीं होता है तो जिला कांग्रेस कमेटी शहर प्रदर्शन कर आंदोलन करेगी।
पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की स्थापना से हमें जो स्वतंत्रता प्राप्त हुई है, हमारे देश के कई स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की शहादत से आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, आज इस स्वतंत्रता को बीजेपी की सरकार खत्म करना चाहती है, भाजपा द्वारा स्थापित लोकतंत्र की बार-बार हत्या की जा रही है।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता रामहर्ष सिंह कुशवाह, सेवादल के जिला अध्यक्ष संदीप मिश्रा, संतोष त्रिपाठी, हलीम पठान, शिवशंकर भदौरिया, स्मिता शर्मा, संजीव बरुआ, मोहम्मद इरफान गम्मू, एडवोकेट चैतन्य शर्मा, विवेक पचौरी, हरनारायण शर्मा, आयुष मिश्रा, नीरज पाठक, विक्की राजावत, करण खटीक, कोके भदौरिया आदि कांग्रेस जन उपस्थित रहे।


