– प्रकर्ष फाउण्डेशन ने विद्यार्थियों को किया जागरूक
भिण्ड, 26 दिसम्बर.मनीष दुबे।
शा. उत्कृष्ट उमावि क्र.एक भिण्ड द्वारा आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना विशेष शिविर के दूसरे दिन महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। मठीपुरा (खादर गौ घाट) स्थित गायत्री डीएड कॉलेज में शिविर स्थल पर मप्र जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था प्रकर्ष फाउण्डेशन ने विद्यार्थियों को पर्यावरण और जल प्रबंधन की बारीकियों से अवगत कराया गया।
संस्था की अध्यक्ष आरती सिंह ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही देश की जलवायु में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। हमें केवल तकनीक से ही नहीं, बल्कि अपनी मिट्टी से भी जुड़ना होगा। संस्था सचिव मोहन सिंह ने जल संकट की वैश्विक चुनौती पर चर्चा करते हुए जल संरक्षण के स्थानीय और पारंपरिक तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को दैनिक जीवन में पानी की बर्बादी रोकने के व्यावहारिक तरीके सिखाए।
जागरूकता रैली और स्लोगन से दिया संदेश
शिविर में उपस्थित स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जगाने के लिए हाथों में स्लोगन और पोस्टर लेकर भव्य रैली निकाली। अनुशासित ढंग से निकली इस रैली के माध्यम से युवाओं ने ‘जल है तो कल हैÓ और ‘वृक्ष धरा के भूषण हैंÓ जैसे नारों के साथ ग्रामीणों को जागरूक किया। सैद्धांतिक जानकारी के बाद इसे व्यवहार में लाते हुए संस्था के सदस्यों और विद्यालय प्रबंधन और बच्चों ने मठीपुरा गांव में स्थित प्राचीन शिव मन्दिर प्रांगण में पौधारोपण किया। प्रत्येक स्वयंसेवक को एक पौधे की जिम्मेदारी दी गई ताकि वे शिविर समाप्ति के बाद भी प्रकृति के प्रति अपना उत्तरदायित्व निभा सकें।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से धीरज गुर्जर ने प्रकर्ष फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सत्रों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है और वे समाज के प्रति अधिक संवेदनशील बनते हैं। कार्यक्रम में संस्था के सदस्य शिवांशु, रश्मि एवं विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।


