– भाजपा कार्यकर्ताओं ने गोहद में अटलजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
भिण्ड, 26 दिसम्बर। देश में अंत्योदय व सुशासन की कल्पना को चरितार्थ कर भारतीय राजनीति को नई दिशा देने वाले पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने 29 मण्डलों के 1480 बूथ स्तर पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया कहा कि अटल जी ने राष्ट्र को सर्वोपरि माना, राष्ट्रसेवा को अपने जीवन का ध्येय बना लिया था। अदभुत वक्तव्य कला के धनी अटल जी ने अपने बेदाग राजनीतिक जीवन से राजनीति में उच्च आदर्श स्थापित किए। उन्होंने कहा कि आगाज अटल है, वैचारिक सरताज अटल है, शत्रु दल में भय का सूचक अटल है, भारतीय राजनीति के प्रखर स्तंभ, पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर उन्हें सादर नमन करता हूं। विचारधारा के प्रति अटूट निष्ठा और मूल्य-आधारित राजनीति के माध्यम से अटल जी ने देश में विकास एवं सुशासन के एक नए युग की नींव रखी। अटल जी उस चेतना के प्रतीक थे, जिसने लोकतंत्र को शोर नहीं, बल्कि संवाद की संस्कृति सिखाई। जनसेवा और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पित उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत है।
गोहद नगर के शहीद चौक पर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी मण्डलों की बूथ स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके छाया चित्रों पर माल्यार्पण करते हुए सर्व समाज को उनके विचारों से अवगत कराया। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष विवेक जैन, अर्चना शर्मा, राजेन्द्र गुप्ता, विद्याराम शेजवार, धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर, अशोक सिंह गुर्जर आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।


