– टीम को देखकर चालक वाहन छोड़कर भागा, ट्रैक्टर जब्त
भिण्ड, 23 दिसम्बर। वन विभाग की टीम ने चैकिंग के दौरान भारौली थाना क्षेत्र में अवैध रूप से लकड़ी ले जा रहा एक ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की तो टीम को देखते ही चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। जब्त ट्रैक्टर को जब्त कर वन मंडल कार्यालय में खड़ा कराया गया है।
जानकारी के अनुसार भारौली क्षेत्र में लंबे समय से लकड़ी की अवैध तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं। इसी को लेकर डिप्टी वन रेंजर हरीश भदौरिया अपनी टीम के साथ निगरानी और चैकिंग पर निकले थे। इसी दौरान बेसली नदी के पास पुल के दूसरी ओर से आता हुआ एक ट्रैक्टर लकड़ी से भरा नजर आया। जब वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की, तो चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर खेतों के रास्ते भाग गया और बीहड़ में जाकर छिप गया। वन रक्षकों ने मौके पर ही ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया।
वन विभाग के डिप्टी रेंजर हरीश भदौरिया ने बताया कि ट्रैक्टर के मूल दस्तावेज और लकड़ी के परिवहन से संबंधित कागजातों की जांच की जा रही है। चालक या वाहन मालिक के सामने न आने की स्थिति में उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान वन रक्षक दुर्गेश राजावत, जितेन्द्र यादव और प्रदीप जाटव मौजूद रहे।


