– 24 दिसम्बर को श्रम कमिश्नर कार्यालय इंदौर में प्रदर्शन
भिण्ड, 21 दिसम्बर।मनीष दुबे
सीटू जिला पदाधिकारी मंडल की बैठक जिला अध्यक्ष विनोद सुमन की अध्यक्षता में राजहोली में सीटू कार्यालय में संपन्न हुई। जिसमें बताया गया कि मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र सहित जिला मे स्थिति कारखानों में श्रम कानूनों का पालन नहीं हो रहा है, कम मजदूरी देकर अधिक काम लिया जा रहा है, अधिकतर कारखानों में पिछले एरियर का भुगतान मालिकों द्वारा नहीं दिया जा रहा है। हालात यह है कि कारखानों में काम कराने के बाद भी श्रमिकों को मानदेय नहीं मिला रहा है, 2024 का वेतन निर्धारण शासन द्वारा नहीं किया जा रहा, ऊपर से श्रम कानूनों को खत्म कर श्रम संहिता लागू की जा रही है, जबकि श्रम कार्यालय एवं श्रम अधिकारियों कर्मचारियों पर सरकार लाखों रुपए वेतन और सुविधाओं पर खर्च कर रही है लेकिन श्रम निरीक्षक कारखाना मालिकों की गुलामी कर सलाहकार बने हुए हैं यही हालात जिला में स्थिति अन्य कारखानों की है।
प्रेस को जारी विज्ञप्ति में सीटू जिला महासचिव अनिल दौनेरिया ने बताया कि श्रमिकों का शोषण रोकने के लिए सीटू द्वारा अनेकों बार ज्ञापन श्रम पदाधिकारी को दिए जा चुके हैं, सुनवाई न होने के कारण 24 दिसंबर को श्रम कमिश्नर कार्यालय इंदौर में सीटू द्वारा प्रदर्शन कर जिला में श्रम कानूनों के हो रहे उल्लंघन पर श्रम कमिश्नर से विस्तार से चर्चा की जाएगी।
पदाधिकारी मंडल में आंगनबाड़ी का भवन भाड़ा पिछले 7 माह से नहीं आने से गंभीरता पूर्वक चर्चा कर निर्णय लिया है। 22 दिसंबर को जिला महिला वाल विकास अधिकारी से 5 सदस्यीय प्रतिनिधि मण्डल मिलेगा, यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो 7 दिन बाद घेरा डालो डेरा डालो आंदोलन शुरू किया जाएगा। दूसरा प्रतिनिधि मण्डल श्रम पदाधिकारी से 23 दिसंबर को मिलेगा, जिसमें हम्माल, पल्लेदारों, तुलावटी, भवन निर्माण मजदूरों, कारीगरों के लाइसेंस बनाने के लिए शिविर लगाने की मांग की जाएगी। केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा श्रमिकों मजदूरों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ वास्तविक मजदूरों को मिल सके। पदाधिकारी मंडल ने सीटू की वार्षिक सदस्यता की समीक्षा करते हुए 31 दिसंबर तक सभी इकाईयों से लक्ष्य हासिल करना तय किया है। बैठक में जिला अध्यक्ष विनोद सुमन, जिला महासचिव अनिल दौनेरिया, जिला उपाध्यक्ष ऊषा त्यागी, साधना भदौरिया, जिला सचिव डॉ. नदीम खान, सेवाराम कुशवाहा, राजेश गोला, रामोतार नरवरिया, आमंत्रित सदस्य जनार्दन रेड्डी, रामकुमारी उपस्थित रहे।


