भिण्ड, 21 दिसम्बर।मनीष दुबे
पुलिस मुख्यालय भोपाल एवं हार्टफुलनेस कान्हा शांतिवनम् ध्यान संस्थान हैदराबाद के संयुक्त तत्वावधान एवं पुलिस अधीक्षक भिण्ड डॉ. असित यादव के मार्गदर्शन रविवार को विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर सुबह 9 बजे से 11:30 बजे तक पुलिस लाइन भिण्ड के परेड ग्राउण्ड में जिला पुलिस बल के अधिकारी/ कर्मचारी एवं एसएएफ कंपनीज् बल तथा एनजीओ के सदस्यों छात्र/ छात्राओं एवं खिलाड़ियों, प्रबुद्धजन एवं आमजन हेतु वृहद ध्यान सत्र का आयोजन किया गया।
विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर हार्टफुलनेस ध्यान संस्थान के जिला समन्वयक संदीप श्रीवास्तव एवं वरिष्ठ प्रशिक्षक रामलखन शर्मा द्वारा रिलेक्सेशन, प्राणाहुति के माध्यम से उपस्थित जिला पुलिस बल के मुख्यालय के अधिकारी/ कर्मचारी, परिवारजन एवं अन्य को आयोजित सामूहिक ध्यान सत्र में ध्यान अभ्यास कराया गया तथा भिण्ड जिले के समस्त 29 थानों के पुलिस स्टाफ एवं परिवारजन को ध्यान सत्र के माध्यम से ऑनलाईन जूम लिंक से जुड़कर थानों पर विश्व ध्यान दिवस पर ध्यान सत्र का आयोजन किया गया। आज के बाद प्रत्येक रविवार को सुबह 9 से 10 बजे तक एक घण्टे के साप्ताहिक ध्यान सत्र लगातार आयोजित किए जाएंगे।
सामूहिक ध्यान सत्र में पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव ने अपने उद्बोधन में पुलिस विभाग की व्यस्ततम् ड्यूटी एवं दिनचर्या के हिसाब से होने वाले मानसिक तनाव एवं शारीरिक स्वास्थ्यगत समस्याओं को देखते हुए नियमित ध्यान के माध्यम से मानसिक शांति, तनाव मुक्ति एवं सकारात्मक जीवन शैली के साथ अनिद्रा (नीद न आना) एवं मानसिक अवसाद जैसी स्थितियों से उबरने एवं अपनी कार्य क्षमताओ एवं दक्षताओं में वृद्धि करने, फिट रहने हेतु हार्टफुलनेस ध्यान और संस्था द्वारा अपनाए गए रिलेक्सेशन, प्राणाहुति, सफाई एवं प्रार्थना के माध्यम से नियमित ध्यान करके लाभ उठाने की बात कही तथा सभी से नियमित ध्यान करने की अपील की।
सामूहिक ध्यान सत्र में पुलिस कर्मियों एवं आमजन सहित लगभग 250 लोगों ने सामूहिक ध्यान किया। इस अवसर पर जिला पुलिस बल के सीएसपी भिण्ड निरंजन राजपूत, हार्टफुलनेस ध्यान के सहायक जिला नोडल अधिकारी/एसडीओपी अटेर रविन्द्र वास्कले, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय भिण्ड दीपक तोमर, डीएसपी अजाक अजय पवार, निरीक्षक छत्रपाल सिंह तोमर उपस्थित रहे एवं कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्थाओं के प्रभारी सूबेदार आदित्य मिश्रा, प्रधान आरक्षक बृजेन्द्र पाण्डेय, रविशेखर कटारे, आरक्षक अशोक कुमार, भूपेन्द्र सिंह, पवन यादव एवं संजय शिवहरे ने तकनीकी एवं अन्य सहयोग किया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी/ कर्मचारियों के अलावा अन्य संगठन के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


