– संत विवेकानंद स्कूल का वार्षिक उत्सव आयोजित
– संस्कृति, देशभक्ति और समाजिक संदेशों का हुआ संगम
भिण्ड, 21 दिसम्बर। मनीष दुबे
–संत विवेकानंद स्कूल डिड़ी में आयोजित वार्षिक उत्सव (एनुअल फंक्शन) ने इस साल एक नई ऊंचाई छुई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और गणमान्य अतिथियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जिससे इस आयोजन को भव्यता मिली। इस कार्यक्रम में छात्रों ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसमें डांस, सिंगिंग, भाषण, नाटक और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। खासकर मातृशक्ति, देशभक्ति और स्वच्छ भारत मिशन जैसे सामाजिक विषयों पर आधारित प्रस्तुतियां प्रभावशाली रही, जिन्होंने दर्शकों को न केवल मनोरंजन प्रदान किया, बल्कि समाज के प्रति सकारात्मक संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को स्कूल जाते वक्त हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें, जिससे उनकी सुरक्षा बढ़े और जीवन को लंबा बनाया जा सके। इसके अलावा उन्होंने छात्रों को इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के महत्व पर भी प्रकाश डाला, जो आत्मविश्वास, अनुशासन और सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्ज्वलन से हुई, जिसके बाद गणेश वंदना और स्वागत गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। इस औपचारिकता के बाद मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
शिवाजी महाराज पर आधारित नाटक की शानदार प्रस्तुति
कार्यक्रम की सबसे खास और प्रभावशाली प्रस्तुति विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित नाटक रही। इस नाटक में शिवाजी महाराज के शौर्य, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति को प्रभावशाली ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया गया। दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ इस अद्वितीय प्रस्तुतियों का स्वागत किया।
पंजाबी नृत्य ने माहौल को जोशीला किया। वहीं पंजाबी नृत्य की जोशीली प्रस्तुति ने पूरे माहौल को ऊर्जा से भर दिया। नृत्य की ताल पर दर्शक भी झूमने पर मजबूर हो गए और कार्यक्रम में जोश का संचार हुआ।
कार्यक्रम के अंत में एसपी डॉ. असित यादव ने उत्कृष्ट प्रस्तुतियां देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार स्वरूप सील्ड भेंट किए, जिससे छात्रों का उत्साह और बढ़ गया। अभिभावकों ने भी बच्चों की प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की और स्कूल प्रबंधन के प्रयासों को सराहा। अंत में स्कूल प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। इस कार्यक्रम ने ना केवल सांस्कृतिक और शैक्षिक दृष्टिकोण से सफल आयोजन को साबित किया, बल्कि सामाजिक संदेशों के माध्यम से भी एक सकारात्मक वातावरण का निर्माण किया। संत विवेकानंद स्कूल का यह वार्षिक उत्सव न केवल बच्चों की प्रतिभा का मंच रहा, बल्कि एक आदर्श उदाहरण भी पेश किया कि कैसे एक स्कूल सांस्कृतिक, सामाजिक और शैक्षिक मूल्यों को बढ़ावा देते हुए अपने छात्रों का सर्वांगीण विकास कर सकता है।


