भिण्ड, 20 दिसम्बर। इस समय समूचे भिंड जिले के साथ-साथ आलमपुर भीषण सर्दी के दौर से गुजर रहा है। लेकिन नगर परिषद कार्यालय द्वारा अभी तक आलमपुर बाजार में किसी भी स्थान पर अलाव जलाने की व्यवस्था नहीं की गई। कोहरा और शीत लहर की बजह से शनिवार को आलमपुर अंचल जबरदस्त सर्दी की चपेट में रहा।
कोहरा और शीत लहर के कारण पड़ रही कड़ाके की सर्दी में उन गरीब मजदूर वर्ग के लोगों का बहुत बुरा हाल है। जो सुबह-सुबह काम की तलाश में बाजार में निकल आते हैं और खुले आसमान के नीचे खड़े होकर काम का इंतजार करते हैं। जब इन गरीब मजदूर वर्ग के लोग ठंड से परेशान हो जाते हैं। तो वह इधर-उधर से कूड़ा कचरा एकत्रित कर उसे जलाकर सर्दी से राहत पाने की कोशिश करते हैं। इसके अलावा आम नागरिक भी ठंड से हैरान हैं, वह भी अलाव नहीं जलने से हैरान हैं। आखिर नगर परिषद आलमपुर में कब अलाव जलबाएगी। आलमपुर के नागरिकों ने जिला प्रशासन से भीषण सर्दी को देखते हुए जल्द से जल्द आलमपुर बाजार में सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलबाने की मांग की है।
मौ में कड़ाके की सर्दी में ठिठुरते छात्र छात्राएं
पिछले दो तीन दिनों से बढ़ी कड़ाके की सर्दी से मौ नगर में संचालित स्कूल, कोचिंग सेंटर्स, छात्रावास और विभिन्न अस्पतालों में कम उम्र के बच्चे सर्दी से बचने की व्यवस्था न होने से बुरी तरह से ठिठुर रहे हैं। न तो निजी संस्थान और न ही प्रशासन का अमला बच्चों की इस गंभीर समस्या पर ध्यान दे रहा है। सुबह होते ही कोहरे में छोटे बच्चों को स्कूली वाहनों में लाया जाता है, जो बहुत ही खतरनाक है। सरकारी अस्पताल में भर्ती प्रसूति कच्छ में और अन्य वार्डों में भी सर्दी से बचने की कोई व्यवस्था नहीं दिखती है। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और पालकों को इस समस्या को गंभीरता से लेकर सर्दी से बचने के लिए कदम उठाया जाना होगा।


