– ‘स्मार्ट मीटर : बिजली की बचत और खपत पर नियंत्रण हुआ आसान’ पर उकेरे चित्र, प्रीतो राठौर को मिला प्रथम पुरस्कार
भिण्ड, 19 दिसम्बर। राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण सप्ताह (14 से 21 दिसंबर) के दौरान मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा ‘स्मार्ट मीटर: बिजली की बचत और नियंत्रण हुआ आसान’ विषय पर एक चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन शुक्रवार को भिण्ड शहर के एक्सीलेंस स्कूल (कॉटनजीन) में किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 5 से 8 के 30 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। जिसमें प्रथम पुरस्कार प्रीतो राठौर कक्षा 8 (नगद राशि 500 रुपए), द्वितीय पुरस्कार ऐंजल राठौर कक्षा 8 (नगद राशि 300 रुपए), तृतीय पुरस्कार अयूषी कक्षा 8 (नगद राशि 200 रुपए) एवं सात्वंना पुरस्कार रिया राजपूत कक्षा 8 (नगद राशि 200 रुपए) ने प्राप्त किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पुरस्कार वितरण के दौरान सभी के चेहरे पर पुरस्कार हासिल करने की खुशी साफ झलक रही थी। जूनियर वर्ग से प्रथम पुरस्कार विजेता प्रीती राठौर कक्षा 8 ने बताया कि ऊर्जा संरक्षण के लिए हमें जागरूक रहना चाहिए। स्मार्ट मीटर बहुत ही फायदेमंद है, यह रियल टाइम डाटा एकत्रित करता है। हर माह रीडिंग लेने आने की जरूरत नहीं, अपने आप ही सटीक रीडिंग होती है और पारदर्शी बिल उपभोक्ताओं को मिलता है। इसी तरह द्वितीय पुरस्कार विजेता रहीं रेंजल राठौर कक्षा 8 ने बताया कि हम सभी को अपने अपने घरों में स्मार्ट मीटर लगवाना चाहिए, यह बहुत फायदेमंद है। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को दिन के समय में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कि बिजली की खपत में 20 प्रतिशत की छूट मिल रही है।
प्रतियोगिता के दौरान एक्सीलेंस स्कूल (कॉटनजीन) के प्राचार्य नरेन्द्र सिंह भदौरिया एवं मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी वृत्त भिण्ड के महाप्रबंधक अमरेश शुक्ला ने निर्णायक की भूमिका निभाई, उन्होंने पुरस्कार वितरित किए। कार्यक्रम में सहायक राजस्व अधिकारी सर्वेश कुमार कुशवाह, प्रबल जैन, मुन्ना कुशवाह, आरती राजावत, राधा शर्मा, रागिनी, चांदनी, अंकिता, शिवम मिश्रा, मनोज, जितेन्द्र, सुखवीर परिहार, गिर्राज, शिवा एवं सर्वेश यादव इत्यादि उपस्थित रहे।


