– पीड़िता को 25 हजार की प्रतिकर सहायता
ग्वालियर, 19 दिसम्बर। अनन्यत: विशेष न्यायाधीश (लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम) एवं त्रयोदशम जिला एवं अपर सत्र/ विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट जिला ग्वालियर श्रीमती वंदना राज पांडे की अदालत ने नाबालिग बच्ची से छेड़खानी करने वाले आरोपी सुनील बाथम निवासी ग्वालियर को धारा 354(डी) भादंसं में एक वर्ष, 354 भादंसं में एक वर्ष, 323 भादंसं में 3 माह कारावास एवं प्रत्येक में 100-100 रुपए अर्थदण्ड एवं व्यतिक्रम में प्रत्येक में 7-7 दिवस के सश्रम कारवास से दण्डित किया है एवं पीड़िता को 25 हजार रुपए प्रतिकर एवं सहायता राशि प्रदान करने हेतु आदेशित किया है।
अभियोजन की ओर से पैरवी कर रहे विशेष लोक अभियोजक अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़िता ने अपनी मां के साथ थाने में शिकायत कि उसकी आयु 14 साल 10 माह है। अभियुक्त सुनील बाथम उसके घर के सामने रहता है। अभियुक्त उसे धमकी देकर व दबाव बनाकर पिछले तीन साल से बातचीत करने के लिए परेशान कर रहा है और उससे कहता है कि यदि उससे बात नहीं करोगी तो जान से मार दूंगा। पीड़िता जब भी अपने घर से बाहर अपने स्कूल जाती थी तो अभियुक्त उसका पीछा करता था और जब वह अभियुक्त से बात नहीं करती थी तो अभियुक्त उसे थप्पड़ से मारकर मारपीट करता था। उसने डर की वजह से किसी को अपने घर पर नहीं बताया था। 11 मार्च 2024 को भी सुनील बाथम ने स्कूल तक उसका पीछा किया और रास्ते में बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़ लिया था, उसने मना किया तो उसके साथ मारपीट की। फिर उसने परेशान होकर सारी बात घर पर आकर अपने मम्मी पापा को बताई। अभी तक उसने अभियुक्त की धमकी की बजह से डर के कारण रिपोर्ट नहीं लिखवाई थी। पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर थाना बहोड़ापुर में अपराध क्र.201/2024 दर्ज किया गया, साक्षीगण के कथन लेखबद्ध किए गए, घटना स्थल का नक्शा मौका बनाया गया। पीड़िता के उम्र के दस्तावेज जब्त किए, विवेचना उपरांत अभियोग पत्र न्यायालय में पेश किया गया।


