– एसपी डॉ. असित यादव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया स्वागत
भिण्ड, 17 दिसम्बर। उप महानिरीक्षक चंबल रेंज सुनील कुमार जैन ने पुलिस लाइन ग्राउण्ड में परेड का निरीक्षण कर अधिकारी एवं कर्मचारियों के टर्नआउट, अनुशासन, ड्रिल और मार्चिंग का अवलोकन किया। सभी राजपत्रित अधिकारियों से स्कॉट ड्रिल परेड कराई गई। तदुपरांत पुलिस लाइन में पुलिस दरबार का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर उप महानिरीक्षक चंबल रेंज सुनील कुमार जैन ने सभी पुलिस अधिकारी/ कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनकर निराकरण का आश्वासन दिया। उसके बाद थाना कोतवाली का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय भिण्ड की शाखाओं का निरीक्षण किया। कार्यालयीन कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण, लंबित प्रकरणों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव, एएसपी संजीव पाठक, एसडीओपी अटेर रविन्द्र वास्कले, डीएसपी हेड क्वार्टर दीपक, रक्षित निरीक्षक अरविन्द सिकरवार व अन्य पुलिस अधिकारी/ कर्मचारी उपस्थित रहे।


