– कक्षा एक से पांच के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित
भिण्ड, 17 दिसम्बर। जन शिक्षा केन्द्र स्तरीय सहजकर्ता नोडल एवं सह सहजकर्ता कक्षा एक से पांच के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान भिण्ड में किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
यह आयोजन दो चरणों में संपन्न कराया गया। प्रथम चरण में सुबह 10 बजे से एक बजे तक विकास खण्ड भिण्ड, लहार, रौन के सह सहजकर्ताओं को प्रदान किया गया। इसी प्रकार विकास खण्ड में गोहद, अटेर मेहगांव के सह सहजकर्ताओं के लिए दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों से नवंबर माह में आयोजित शैक्षिक संवाद के पोस्ट वर्क का प्रस्तुतीकरण करवाया गया। इसके साथ ही दिसंबर माह का विषय प्राथमिक कक्षाओं में प्रभावी लेखन पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें संवाद के उद्देश्य और डिजाइन सिद्धांत को साझा किया गया।
कार्यक्रम में मिशन अंकुर के अंतर्गत प्राप्त शिक्षण सामग्री के प्रभावी उपयोग करने के बारे में जानकारी दी गई। डाइट प्राचार्य आनंदस्वरूप शर्मा द्वारा सभी सहजकर्ताओं को विगत माह में आयोजित सफल शैक्षिक संवाद आयोजत हेतु बधाई प्रेषित की गई। तत्पश्चात शैक्षिक संवाद के उद्देश्य, डिजाइन सिद्धांत एवं एफएलएन शिक्षक मार्गदर्शिका की सहायता से वर्कबुक कार्य पत्रक पर प्रभावी उपयोग के विषय में विस्तार से बताया गया। जिला स्तरीय सहजकर्ता वरुण सिंह भदौरिया एवं डॉ. परमाल सिंह कुशवाह द्वारा स्वतंत्र रचनात्मक लेखन, बच्चों की चुनौतियां एवं रास्ते, कक्षा प्रबंधन रणनीति, बहु स्तरीय अधिगम स्तर, शैक्षिक संवाद करना प्रतिभागियों के साथ साझा किया गया। प्रशिक्षण में 204 जनशिक्षा केन्द्र स्तरीय नोडल सहजकर्ता एवं सह सहजकर्ता उपस्थित रहे।


