– विधानसभा उपनेता प्रतिपक्ष कटारे ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर की मांग
भिण्ड, 15 दिसम्बर। मप्र विधानसभा में उपनेता एवं अटेर विधायक हेमंत सत्यदेव कटारे ने नक्सल ऑपरेशन की जोखिम भरी डियूटी से लौट रहे बम स्क्वाड वाहन दुर्घटना में मृत जवानों को शहीद का दर्जा प्रदान करने हेतु मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है।
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कटारे ने घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सागर जिले के बांदरी के पास बुधवार तड़के नेशनल हाईवे-44 पर बम डिस्पोजल स्क्वाड के वाहन और एक कंटेनर की भिड़न्त में प्रदेश के चार जांवाज जवानों की असमयायिक मृत्यु हो गई है। चूंकि मुरैना पुलिस का यह बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वाड बालाघाट में नक्सल विरोधी अभियान में संलग्न था, जो कि ड्यूटी उपरांत मुरैना लौटते समय दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जिसमें मप्र पुलिस के आरक्षक प्रधुम्न दीक्षित, अनिल कौरव एवं डॉग मास्टर विनोद शर्मा व परिमल सिंह तोमर की घटना स्थल पर मृत्यु हुई एवं आरक्षक राजीव चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया है। यह घटना अत्यतंत दुखद व पीड़ादायी है, घटना में मृत सभी जांवाज जवान बालाघाट में नक्सल विरोधी अभियान जैसी दुर्गम व जोखिमपूर्ण ड्यूटी में संलग्न थे। इसलिए घटना में मृत वीर जवानों को शहीद का दर्जा दिया जाना चाहिए। जिससे पीड़ित परिवारों व दुर्गम/ जोखिमपूर्ण ड्यूटी में रत पुलिस जवानों का मनोबल कायम रहे।


