– राज्य स्तरीय भूतपूर्व सैनिक रैली का हुआ आयोजन
भिण्ड, 15 दिसम्बर। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय भिण्ड द्वारा राज्य स्तरीय भूतपूर्व सैनिक रैली का आयोजन कम्युनिटी हॉल जिला सैनिक कार्यालय के पास (बाईपास रोड) भिण्ड में किया गया। इस दौरान कलेक्टर किरोड़ी लाल मीना, एएसपी संजीव पाठक, कर्नल कुलवंत सिंह, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष राकेश कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी, भूतपूर्व सैनिक एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि जिला प्रशासन भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिजनों की हर संभव सहायता के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने सेना के योगदान की सराहना की और शहीदों के परिवारों के कल्याण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हम सभी का प्रयास होना चाहिए कि शहीदों की अनुपस्थिति में उनके परिवार को वो सहयोग मिल पाए जो उनके रहते हुए परिवार को मिलता था। जिला प्रशासन भी आपका परिवार है, सैनिक जहां पर भी पोस्टेड हैं वहां अपनी सर्विस दे रहे हैं तो ऐसे में हमारा भी दायित्व बनता है कि हम सभी मिलकर अगर उनके परिवार को अगर किसी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता है तो सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा सभी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को आर्थिक सहायता की जानकारी के अलावा विशेषज्ञों द्वारा मुफ्त चिकित्सा सुविधा, कैंटीन सुविधा तथा रिकार्ड ऑफिस/ सीडीए पेंशन प्रयागराज के माध्यम से पेंशन संबंधी जानकारी दी गई तथा समस्याओं का निराकरण किया गया। साथ ही शासन द्वारा देय सभी सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।


