– लोगों ने अधूरे पड़े नाले का निर्माण शुरू कराने की मांग की
भिण्ड, 14 दिसम्बर। नगर परिषद कार्यालय आलमपुर द्वारा ठेकेदार के माध्यम से वार्ड क्र.सात में गीता मैरिज गार्डन से लेकर बस स्टेण्ड तक पक्के नाले का निर्माण कराया जा रहा है। लेकिन कुछ लोगों की शिकायत के कारण अधिकारियों ने पक्के नाले का निर्माण कार्य रूकबा दिया है। नाले के निर्माण कार्य को रूके हुए एक सप्ताह का समय होने को आया है। लेकिन अभी तक नाले का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। नगर के गीता मैरिज गार्डन से बस स्टेण्ड की ओर जाने वाले मार्ग पर जिन लोगों के घरों और दुकानों के सामने पक्के नाले के निर्माण हेतु नाला खुदा पड़ा है। उन लोगों को घरों और दुकानों के अंदर बाहर आने जाने में भारी परेशानी हो रही है। तो वही नाले में बच्चों और बुजुर्गों के गिरने का खतरा बना हुआ है। लेकिन अधिकारीगण बंद पड़े नाले के निर्माण कार्य को शुरू कराने की कोशिश नहीं कर रहे है। अधूरे पड़े नाले से परेशान नागरिकों ने जिलाधीश सहित वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि नाले का निर्माण जल्द ही शुरू किया जाए।


