– डॉक्टर हनुमान के दर्शन करने पहुंचेंगे लाखों श्रद्धालु
भिण्ड। दंदरौआ धाम पर 22 सितंबर को बुढ़वा मंगल पर लाखों की तादाद मैं श्रद्धालु डॉक्टर हनुमान के दर्शन करने आएंगे। बुढ़वा मंगल पर दंदरौआ धाम पर विशाल मेले का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी बुधवार को मीडिया से चर्चा करते हुए महंत महामण्डलेश्वर रामदास महाराज ने दी।
महाराज ने बताया कि इस दिन डॉक्टर हनुमान का रुद्राभिषेक किया जाएगा, साथ ही मन्दिर में फूल बंगला सजाया जाएगा। इसके साथ मन्दिर में हवन, सुंदरकाण्ड, हनुमान चालीसा का पाठ का भी आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के दर्शन सोमवार रात के 12 बजे से शुरू हो जाएंगे श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मन्दिर प्रबंधन अपनी तरफ से मन्दिर परिसर के अंदर दो बड़ी एलईडी स्क्रीन लगवाने जा रहा है, जो श्रद्धालु भीड़ के कारण डॉक्टर हनुमान के दर्शन नहीं कर पाते हैं वे इन स्क्रीन से हनुमानजी का दर्शन कर सकेंगे। वहीं सुरक्षा के चलते मन्दिर के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा इस दिन मन्दिर परिसर में दुकानें नहीं लगेंगी।
मन्दिर प्रवक्ता जलज त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि बुढ़वा मंगल के दिन मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली के अलावा, उत्तर प्रदेश के औरैया, इटावा, आगरा, मैनपुरी, एटा, फिरोजाबाद, कानपुर, प्रयागराज सहित कई जिलों से लाखों श्रद्धालु दंदरौआ धाम में डॉक्टर हनुमान के दर्शन करने आते हैं। इस दिन मंदिर परिसर में एंबुलेंस मौजूद रहेगी। वहीं मन्दिर में अस्थाई अस्पताल की व्यवस्था की जाएगी। वहीं मेले के दिन मन्दिर के अंदर श्रद्धालु पॉलीथिन में प्रसाद लेकर नहीं आ सकेंगे यानी पॉलीथिन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी।


