भिण्ड। शहर की सड़कों को सुगम और यातायात को सुचारू बनाने के लिए सोमवार को नगर पालिका और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के मुख्य व्यावसायिक इलाकों में व्यापक अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई की। इस दौरान दुकान के बाहर, फुटपाथ और आम रास्ते पर रखे अवैध सामान व अस्थाई अतिक्रमण को स ती से हटाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से हड़कंप की स्थिति बनी रही। यह कार्रवाई तहसीलदार मोहनलाल शर्मा, नगर पालिका सीएमओ वीरेंद्र चक्रवर्ती और यातायात प्रभारी राघवेंद्र भार्गव के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजस्व और नगर पालिका अमले के साथ यातायात पुलिस बल मुस्तैद रहा। मौके पर दिव्या यादव राजस्व निरीक्षक/ सहायक नोडल अतिक्रमण), रामनरेश रजक (सहायक राजस्व निरीक्षक), वीनू चौहान एवं विक्रम सोनी मौजूद रहे। सफाई व्यवस्था और सामान हटाने के लिए अतिक्रमण दरोगा मोनू, अमरदीप, भगीरथ और भगवान सिंह अपनी-अपनी टीमों के साथ तैनात रहे। अतिक्रमण हटाने के लिए नपा के वाहन दरोगा ने मौके पर जेसीबी, ट्रैक्टर और डंपर उपलब्ध कराए, जिनकी मदद से अवैध सामान को जब्त कर वाहनों में लादा गया।
इन बाजारों में चला अभियान
संयुक्त टीम ने शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों खण्डा रोड, सब्जी मण्डी, स्टेशन रोड, पुस्तक बाजार, सदर बाजार दुकानदारों द्वारा फुटपाथ और आम रास्ते पर रखे गए तख्त, बैनर-पोस्टर, काउंटर और अन्य सामान को जब्त कर रास्तों को पूरी तरह से साफ कराया गया। अधिकारियों ने सभी व्यापारियों और दुकानदारों को कड़ा संदेश दिया है कि वे अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें। यदि दोबारा फुटपाथ या आम रास्तों पर अतिक्रमण किया गया तो न सिर्फ सामान जब्त किया जाएगा, बल्कि संबंधित के खिलाफ वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
इनका कहना है:
‘शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखना हमारी प्राथमिकता है। यह कार्रवाई केवल एक दिन के लिए नहीं है, बल्कि अब शहर में निरंतर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जाएगा। दुकानदार स्वयं सीमा में रहकर व्यापार करें, अन्यथा स त कदम उठाए जाएंगे।
वीरेंद्र चक्रवर्ती सीएमओ भिण्ड


