भिण्ड। सोमवार को गणेश चतुर्थी के साथ दस दिवसीय गणेश महोत्सव का धूमधाम से शुभारंभ हुआ। सुबह से ही गणेश प्रतिमाएं खरीदने के लिए बाजारों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। ढोल-नगाड़ों और गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के बीच लोगों ने घरों और पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित कीं। गणेशोत्सव के साथ बाजारों में भी रौनक नजर आई।

घरों में भी विराजे गणपति
सार्वजनिक पण्डालों के साथ लोगों ने घरों में भी गणेश प्रतिमाएं स्थापित कीं। महिलाओं ने पूजा की थाली सजाकर मंगल गीत गाए। बच्चों ने घरों के आंगन और दीवारों पर रंगोली बनाई। परिवारों ने साथ मिलकर पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के कई निजी स्कूलों में भी गणेश चतुर्थी पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
होंगे सांस्कृतिक आयोजन
गणेश महोत्सव के दौरान दस दिनों तक सुबह-शाम आरती, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजन होंगे। कई पंडालों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य, नाटक और प्रतियोगिताएं भी होंगी। महोत्सव के अंतिम दिन अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमाओं की शोभायात्रा निकालकर विसर्जन किया जाएगा।


