-अलग-अलग मामलों 86 हजार रुपए की ठगी
भिण्ड। शहर में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों में अज्ञात आरोपितों ने दो लोगों से कुल 86 हजार रुपए की ठगी कर ली। एक मामले में पीड़ित के मोबाइल को हैक कर बैंक खाते से 30 हजार रुपए निकाल लिए गए, जबकि दूसरे मामले में पेटीएम के जरिए 56 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए गए। दोनों शिकायतों पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला राजहोली क्षेत्र में हाथी गड्ढा के पास का है। यहां रहने वाले श्रवण कुमार पुत्र वीरेन्द्र श्रीवास ने पुलिस को बताया कि अज्ञात आरोपित ने उसका मोबाइल हैक कर लिया। इसके बाद उसके बैंक खाते से ऑनलाइन लेनदेन कर 30 हजार रुपए निकाल लिए गए। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद श्रवण को ठगी का पता चला। उसने तत्काल पुलिस को शिकायत दी। वहीं दूसरी घटना हनुमान बजरिया की मेहरोत्रा गली में रहने वाले हर्ष मेहरोत्रा पुत्र प्रेमनारायण मेहरोत्रा के साथ हुई। हर्ष के मुताबिक अज्ञात आरोपित ने पेटीएमके माध्यम से उसके खाते से 56 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए। खाते से रकम जाने की जानकारी मिलने के बाद हर्ष ने पुलिस को सूचना दी।
लेनदेन की जांच कर रही पुलिस
दोनों मामलों में पुलिस ऑनलाइन लेनदेन और रकम ट्रांसफर होने से जुड़े विवरण की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपितों ने पीड़ितों के मोबाइल या भुगतान खाते तक किस तरह पहुंच बनाई। कोतवाली थाना प्रभारी मुकेश शाक्य ने बताया कि दोनों मामलों में ऑनलाइन माध्यम से रुपए निकाले जाने की शिकायत मिली है। शिकायतों के आधार पर प्रकरण की जांच की जा रही है।


