– सड़कों पर घूम रही गायों का किया टीकाकरण
दबोह। नगर में घूमने वाली गायों को लंपी वायरस से बचाने के लिए दबोह पशु चिकित्सा विभाग की टीम द्वारा विशेष टीकाकरण अभियान चलाया गया। टीम ने नगर के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूम रही गायों का टीकाकरण किया। टीकाकरण अभियान के दौरान पशु चिकित्सक डॉ. अभिषेक अग्रवाल के नेतृत्व में टीम ने नगर के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर गौवंश को लंपी वायरस से बचाव का टीका लगाया। इस दौरान पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने पशुपालकों को भी पशुओं की साफ-सफाई, स्वास्थ्य निगरानी और बीमारी के संभावित लक्षणों को लेकर जागरूक किया। इस अभियान में नीतेश माहौर, मनीष परिहार (मैत्री), जगम्यंक दोहरे (मैत्री) तथा कैलाश कुशवाह (मैत्री) ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए नगर में जगह-जगह घूम रही गायों का टीकाकरण किया। पशु चिकित्सा टीम द्वारा चलाए गए इस अभियान से नगर में घूमने वाले गौवंश को लंपी वायरस से सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। टीम ने लोगों से अपील की कि यदि किसी पशु में बीमारी के लक्षण दिखाई दें तो तत्काल पशु चिकित्सा विभाग को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते उपचार और आवश्यक सावधानियां बरती जा सकें। स्थानीय स्तर पर गौवंश के स्वास्थ्य को लेकर चलाया गया यह अभियान पशुपालकों और पशु प्रेमियों के लिए राहत की खबर है।
पशु चिकित्सक डॉ. अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि लंपी वायरस से गौवंश को सुरक्षित रखने के लिए टीकाकरण बेहद महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से नगर में घूमने वाले गोवंश का चिन्हांकन कर उनका टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने पशु पालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं की नियमित साफ-सफाई रखें और किसी भी पशु में लंपी वायरस से संबंधित लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सा विभाग को सूचना दें। समय पर उपचार और आवश्यक सावधानी से बीमारी के प्रसार को रोकने में काफी मदद मिल सकती है।


