– जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामेशष बघेल ने बाढ़ग्रस्त गांवों का किया दौरा
भिण्ड। जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने कांग्रेसजनों के साथ क्वारी नदी से प्रभावित बाढ़ग्रस्त गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने बाढ़ से फसलें बर्बाद होने, गांवों का संपर्क टूटने,बिजली एवं पेयजल की समस्या से उन्हें अवगत कराया।
बघेल ने बताया कि क्वारी नदी में अचानक आई बाढ़ के कारण कनकूरा, बड़ी डिड़ी, छोटी डिड़ी, मिरचौली, मनफूल का पुरा, चांसड़, बिरगवां, सांगली, कमई, सिमराव, परा और जवासा, रछेड़ी सहित आस-पास के कई गांव प्रभावित हुए हैं। कई स्थानों पर रास्ते अवरुद्ध हो गए हैं और किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद होने की स्थिति में हैं। क्वारी नदी के ऊपर से फूफ जाने वाली 33 केवी विद्युत लाइन का तार नदी के पानी में डूब जाने से फूफ एवं सरायघार क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था ठप हो गई है। वहीं ग्राम कनकूरा में हैंडपंप भी बाढ़ के पानी में डूब गया है, जिससे ग्रामीणों के सामने पेयजल का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने तत्काल पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग की।
बघेल ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से क्वारी नदी के आस-पास के गांव बाढ़ की समस्या से लगातार प्रभावित हो रहे हैं। हर वर्ष किसानों की फसलें बर्बाद होती हैं, लेकिन शासन-प्रशासन द्वारा समय पर सर्वे कराकर उचित मुआवजा नहीं दिया जाता। उन्होंने मांग की कि प्रभावित गांवों में तत्काल सर्वे कराया जाए और किसानों को फसल नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए। बघेल ने बाढ़ की स्थिति एवं ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर एसडीएम, तहसीलदार फूफ, एसडीओपी अटेर, सीएसपी तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा की। अधिकारियों ने हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि अभी तक शासकीय कर्मचारियों द्वारा फसल नुकसान का कोई सर्वे नहीं किया गया है।
इस दौरान मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी, पूर्व सरपंच जनक सिंह बघेल, अभिलाख सिंह यादव, राजेन्द्र सिंह यादव, विवेक जामौर, राहुल सिंह यादव, संदीप बघेल, अभिषेक मौर्य, रामप्रकाश जाटव, ललई कुशवाहा, प्रमोद बघेल, सोनवीर यादव सहित कांग्रेसजन मौजूद रहे।


