– उत्कृष्ट विद्यालय के छात्रों ने ली निरक्षरता मिटाने की शपथ
भिण्ड। शहर के उत्कृष्ट उमावि क्र.एक में मंगलवार को एनएसएस इकाई द्वारा अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य पीएस चौहान के निर्देशन एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. धीरज सिंह गुर्जर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवक, छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने देश से निरक्षरता को जड़ से मिटाने की सामूहिक शपथ ली और सभी ने संकल्प लिया कि वे साल में कम से कम एक निरक्षर व्यक्ति को साक्षर बनाने का प्रयास जरूर करेंगे।
इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी डॉ. धीरज गुर्जर ने शिक्षा और साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक साक्षर समाज ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। अत: हम सबको निरक्षरता खत्म करने के लिए हर संभव प्रयास करने हैं। हर साल 8 सितंबर को पूरी दुनियां में अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य व्यक्तिगत, सामुदायिक और सामाजिक रूप से साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डालना और लोगों को शिक्षा के अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि अभी भी दुनियां में 20 प्रतिशत से ज्यादा युवा साक्षरता की कमी से प्रभावित है,जिनमें दो तिहाई महिलाएं है। एक पढ़ा-लिखा व्यक्ति ही अपने विकास के साथ परिवार, समाज और राष्ट्र विकास में अपना योगदान दे सकता है। इस वर्ष हम साक्षरता दिवस की 60वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। वर्ष 2026 के अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस का विषय लोगों, गृह और समृद्धि के लिए साक्षरता है।
शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत विद्यालय से शास्त्री चौराहे तक साक्षरता जागरूकता रैली निकाली गई। जिसमें छात्र-छात्राएं पढ़ेंगे-पढ़ाएंगे उन्नत राष्ट्र बनाएंगे, शिक्षा है अनमोल रतन-पढ़ने लिखने का कुछ करो जतन, पढ़ लो बहिना पढ़ लो भाई-पढ़ना लिखना है सुखदाई, साक्षर समाज-सशक्त राष्ट्र जैसे शिक्षाप्रद नारे लगा रहे थे। रैली का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना और समाज के हर वर्ग तक शिक्षा की अलख जगाना था। इस अवसर पर उच्च माध्यमिक शिक्षक गौरव गर्ग, प्रीति व्यास, वोकेशनल टीचर भूपेन्द्र सिंह कुशवाह, रमेश भिलवारे, रामऔतार आर्य, स्वयंसेवक नीतेश, अंजली, नृपेन्द्र आदि सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


